![]()
हैदराबाद, मशहूर पाकिस्तानी सिंगर आतिफ असलम ने भारत में पाकिस्तानी कलाकारों पर लगे प्रतिबंध को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उन्हें भारत में काम करने से रोके हुए लगभग 10 साल हो गए हैं। ‘आदत‘ गाने के लिए मशहूर आतिफ ने कहा कि इसके बावजूद उनके फैंस VPN के जरिए उनके गाने सुनते रहते हैं और यह अनुभव उनके करियर के लिए अहम रहा।
एक इंटरव्यू में आतिफ ने कहा, ‘पिछले 10 सालों से मैंने वहां कोई गाना नहीं गाया है। मेरे फैंस VPN से गाने सुनते हैं और सीडी बनाकर दूसरों को देते हैं। मैं पायरेसी का समर्थन नहीं करता, लेकिन संगीत जहां पहुंचना चाहता है वहां पहुंच ही जाता है।’
*2016 से लगा है बैन*
आतिफ ने कहा कि यह प्रतिबंध भारतीय सरकार का फैसला था और यह पाकिस्तानी कलाकारों पर बड़े निर्णय का हिस्सा था। उरी आतंकी हमले के बाद 2016 में भारत में पाकिस्तानी कलाकारों पर प्रतिबंध और सख्त हुए थे। उसी साल गुड़गांव में आतिफ का कॉन्सर्ट भी रद्द कर दिया गया था।
सितंबर 2016 में इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने संबंध सुधरने तक पाकिस्तानी कलाकारों को काम न देने का प्रस्ताव पारित किया। 2019 में पुलवामा हमले के बाद ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने भी पाकिस्तानी कलाकारों पर बैन की घोषणा की।
2025 में पहलगाम हमले के बाद सीमा पार मनोरंजन संबंधों पर और कड़ा प्रतिबंध लगा। फवाद खान की फिल्म ‘अबीर गुलाल’ को भी रिलीज से पहले रोक दिया गया। इसके साथ ही हानिया आमिर, माहिरा खान और अली जफर जैसे पाकिस्तानी कलाकारों के इंस्टाग्राम अकाउंट भी भारतीय यूजर्स के लिए ब्लॉक कर दिए गए।
*’संगीत आप तक जरूर पहुंचेगा’*
आतिफ ने कहा कि आज जिस तरह से उनका संगीत श्रोताओं तक पहुंचता है, वह उन्हें उनके करियर की शुरुआत की याद दिलाता है, जब उनका पहला गाना रेडियो और सीडी पर हिट हुआ था।
भारतीय फैंस के लिए संदेश देते हुए उन्होंने कहा, ‘अगर आप मेरे संगीत को पसंद करते हैं तो आप जानते हैं कि मुझे कहां ढूंढना है। मेरा संगीत निश्चित रूप से आप तक पहुंचेगा।’
