
मुंबई,आईपीएल 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद हार्दिक पांड्या का मुंबई इंडियंस के साथ भविष्य सवालों में है। इसी बीच खबर आई कि हार्दिक ने अपनी पुरानी टीम गुजरात टाइटंस में वापसी की कोशिश की, लेकिन कप्तानी की शर्त की वजह से डील आगे नहीं बढ़ सकी।
*कप्तानी की शर्त से टूटी बात*
रिपोर्ट्स के मुताबिक हार्दिक और गुजरात टाइटंस दोनों वापसी के लिए तैयार थे। हार्दिक ने 2022 में गुजरात की कप्तानी करते हुए टीम को पहले ही सीजन में चैंपियन बनाया था। हालांकि वापसी के लिए उन्होंने कप्तानी वापस मांगी।
यही शर्त गुजरात के लिए डील ब्रेकर बन गई। फ्रेंचाइजी ने मौजूदा कप्तान शुभमन गिल से भी इस संभावित ट्रेड पर बात की थी। गिल ट्रेड के लिए तैयार थे, लेकिन हार्दिक की कप्तानी की मांग सामने आने के बाद गुजरात ने प्रस्ताव ठुकरा दिया।
*मुंबई में भी उठ रहे सवाल*
हार्दिक की गुजरात लौटने की कोशिश ऐसे समय में हुई है जब मुंबई इंडियंस के साथ उनका भविष्य अनिश्चित है। 2026 आईपीएल में मुंबई ने 14 में से सिर्फ 4 मैच जीते और अंक तालिका में 9वें स्थान पर रही। इसके बाद टीम मैनेजमेंट हार्दिक की कप्तानी और भूमिका पर पुनर्विचार कर रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा है कि कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स समेत कुछ फ्रेंचाइजी ने भी हार्दिक को लेकर मुंबई से जानकारी मांगी है।
हार्दिक ने 2021 में मुंबई छोड़ा था और 2024 में वापसी के बाद रोहित शर्मा की जगह कप्तान बनाए गए थे। इस फैसले से फैंस में नाराजगी भी दिखी थी।
*प्रवक्ता ने दी सफाई*
हार्दिक के प्रवक्ता ने इन खबरों का खंडन किया है। प्रवक्ता के अनुसार हार्दिक ने किसी फ्रेंचाइजी से सीधे ट्रेड को लेकर बात नहीं की है। अगर किसी टीम ने संपर्क किया है तो वह बातचीत मुंबई इंडियंस के जरिए ही हुई है।
फिलहाल गुजरात का दरवाजा बंद होने के बाद अब देखना होगा कि हार्दिक मुंबई में रहते हैं या अगले सीजन किसी नई टीम की जर्सी पहनते हैं।
