श्रीगंगानगर के बसंत ने विश्व अंडर-20 में रचा इतिहास, जीता रजत पदक

श्रीगंगानगर, गांव के सरकारी स्कूल के मैदान से निकला सपना अमेरिका तक पहुंचा। अनूपगढ़ के गांव 12 एबी निवासी 19 वर्षीय बसंत कुमार मेघवाल ने ओरेगन के यूजीन में आयोजित विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में पुरुष हाई जंप में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के किसी भी आयु वर्ग की हाई जंप में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं।

 

रविवार सुबह भारतीय समयानुसार करीब 7 बजे जीत की खबर घर पहुंची तो परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। बसंत की मां ने कहा, “बेटे की पसंद का खीर-हलवा बनाऊंगी।”

 

*रोमांचक रहा फाइनल मुकाबला*

बसंत ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 2.06 मीटर पहली बार में, 2.12 मीटर दूसरे प्रयास में और 2.17 मीटर फिर पहली बार में पार की। 2.21 मीटर की ऊंचाई उन्होंने दूसरे प्रयास में पार कर अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दोहराया।

 

फाइनल में शीर्ष तीन खिलाड़ियों ने 2.21 मीटर पार की, लेकिन 2.24 मीटर कोई नहीं छू सका। असफल प्रयासों के आधार पर पदक तय हुए। अल्जीरिया के युनेस अयाची ने पहले प्रयास में 2.21 मीटर पार कर स्वर्ण जीता। बसंत को दूसरे प्रयास में सफलता मिलने से रजत और ग्रेट ब्रिटेन के ओटिस पूल को तीसरे प्रयास में सफलता मिलने से कांस्य मिला।

 

*एक सीजन में 10 सेंटीमीटर का सुधार*

बसंत ने एक ही सत्र में अपना प्रदर्शन 2.11 मीटर से बढ़ाकर 2.21 मीटर कर लिया। वर्ष 2026 में उनका प्रदर्शन लगातार शानदार रहा। 30 मई 2026 को हांगकांग में 22वीं एशियाई अंडर-20 चैंपियनशिप में उन्होंने 2.20 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण जीता था।

 

अप्रैल 2026 में बेंगलुरु के तुमकुर में हुई अंडर-20 एथलेटिक्स फेडरेशन चैंपियनशिप में भी बसंत ने स्वर्ण पदक जीता था। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका भारतीय टीम में चयन हुआ। अंडर-20 वर्ग में बसंत के नाम अब तक 8 स्वर्ण पदक दर्ज हैं।

Next Post

दक्षिण अफ्रीका ने बदली वनडे और T20 टीम, स्पिनर ब्योर्न फोर्टुइन बने कप्तान

Wed Aug 12 , 2026
जोहान्सबर्ग, दक्षिण अफ्रीका ने नामीबिया में होने वाली आगामी व्हाइट-बॉल सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। स्पिनर ब्योर्न फोर्टुइन को दोनों फॉर्मेट के लिए कप्तान बनाया गया है। टीम में युवा और नए चेहरों को जगह मिली है, जबकि डेवाल्ड ब्रेविस, टोनी डी जोरजी और […]

You May Like