पटना, (वार्ता) बिहार की राजधानी पटना में सोमवार को 20वीं नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2025 का भव्य शुभारम्भ हुआ।
बिहार में पहली बार 10 से 12 मार्च तक पाटलिपुत्र खेल परिसर ,कंकड़बाग में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। देश के 26 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 500 से ज्यादा खिलाड़ी और प्रशिक्षक इसमें शामिल हुए हैं।
प्रतियोगिता के पहले दिन हुए खेल के विजेता खिलाड़ियों को बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के पूर्व निदेशक संजय कुमार सिन्हा ने मेडल देकर प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर बिहार एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव लियाकत अली, कोषाध्यक्ष राजू सिंह, झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन के महासचिव शिव कुमार पांडे ,एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के रमेश सिंह (मुख्य प्रशिक्षक जूनियर एथलेटिक्स) तथा इस प्रतियोगिता के मैनेजर मोहम्मद शम्सी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रोमांच और जोश से भरी आज पहले दिन की की प्रतिस्पर्धाओं में बालिका अंडर 18 आयु वर्ष के तीन हजार मीटर रेस वाक स्पर्धा में हरियाणा की योगिता को स्वर्ण पदक ,उत्तराखंड की सिमरन गुसैन को रजत तथा मध्यप्रदेश की रंजन यादव को कांस्य पदक मिला। बालिका अंडर 18 आयु वर्ष के 400 मीटर दौड़ स्पर्धा में क्रमशः एडविना जेशन- तमिलनाडु- स्वर्ण पदक, तन्नू -हरियाणा – रजत पदक तथा दीपिका- हरियाणा – कांस्य पदक विजेता रही।
बालक अंडर 18 आयु वर्ष में पांच हजार मीटर रेस वाक स्पर्धा में नितिन गुप्ता- उत्तर प्रदेश – स्वर्ण पदक, तुसार पंवार- उत्तराखंड – रजत पदक तथा ऋतुल परिहार – उत्तराखंड – कांस्य पदक विजेता रहे। बालक अंडर 18 आयु वर्ष के 400 मीटर दौड़ में क्रमशः साकेत मिंज – झारखंड -स्वर्ण पदक ,सईद साबिर -कर्नाटका – रजत पदक, कादिर खान – उत्तर प्रदेश ने कांस्य प्राप्त किया।
बालिका अंडर 18 आयु वर्ष की गोला फेंक स्पर्धा में जॉय बैदवान- पंजाब 14.04 मीटर के साथ स्वर्ण पदक, जैस्मिन कौर- पंजाब ने रजत पदक तथा राजस्थान की द्रोणा चौधरी ने कांस्य पदक जीता। बालक वर्ग के अंडर 18 आयु वर्ष में हेप्टाथलॉन गोला फेंक स्पर्धा में केरल के अभिनव श्रीराम 12.96 मीटर में 665 अंक प्राप्त कर पहले स्थान पर रहे। गुजरात के जाखड़ राहुल 12.87 मीटर के साथ 659 अंक प्राप्त कर दूसरे स्थान पर रहें। तेलंगाना के कार्तिक कड़ा 12.75 मीटर के साथ 652 अंक के साथ तीसरे नम्बर पर रहे।
बालक अंडर 18 आयु वर्ष में डिस्कस थ्रो इवेंट में क्रमशः नश्य – हरियाणा 62.14 मीटर के साथ स्वर्ण पदक, विशाल कुमार – राजस्थान 56.71 मीटर के साथ रजत पदक, अखिल कुमार – हरियाणा 54.63 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता। बालक वर्ग के अंडर 18 आयु वर्ष के ऊंची कूद स्पर्धा में क्रमशः अफरोज अहमद – झारखंड 2.40 मीटर के साथ स्वर्ण पदक, देवक भूषण – केरल 2.4 मीटर कूद के साथ रजत पदक, हिमांशु कुमार सिंह – झारखंड ने 2.2 मीटर के साथ कांस्य प्राप्त किया।
बालक वर्ग के अंडर 18 आयु वर्ष के 100 मीटर दौड़ में क्रमशः चिरंथ – कर्नाटका 10 सेकेंड एवं 89 माइक्रो सेकेंड के साथ स्वर्ण पदक, फेडरिक रसेल – तमिलनाडु 11 सेकेंड 4 माइक्रो सेकेंड के साथ रजत पदक, दिव्यांश कुमार राज – बिहार 11 सेकेंड एवं 8 माइक्रो सेकेंड के साथ कांस्य के विजेता बने। बालिका अंडर 18 आयु वर्ष के 100 मीटर दौड़ में आरती – हरियाणा 12 सेकेंड 23 माइक्रो सेकेंड के साथ स्वर्ण पदक, प्रिशा मिश्रा – हरियाणा 12 सेकेंड एवं 24 माइक्रो सेकेंड के साथ रजत पदक, शौर्या अम्बोरे – महाराष्ट्रा 12 सेकेंड 40 माइक्रो सेकेंड के साथ कांस्य पदक की विजेता रही।
