जबलपुर: धनवंतरी नगर चौक के बस स्टॉप में कड़कड़ाती ठंड के बीच आखिरकार एक वृद्ध ने दम तोड़ दिया, बावजूद इसके शहर के सार्वजनिक प्रमुख जगहों पर नगर निगम के उद्यान विभाग द्वारा लकड़ी के अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। इसकी मुख्य वजह जो सामने निकलकर वो काफी चौंकाने वाली है। जिसने नगर निगम के उद्यान विभाग के जिम्मेदारों की लापरवाही की पोल खोल कर रख दी है। जानकारी के अनुसार उद्यान विभाग द्वारा लकड़ी खरीदने अभी तक शुरू ही नहीं किया है और लकड़ी का टैंडर अभी फाइनल नहीं किया है।
इतना ही नहीं उद्यान विभाग के पास लकड़ी का स्टॉक भी इतना नहीं है कि वह शहर में किसी भी जगह अलाव की व्यवस्था कर सके। नतीजा रात में सार्वजनिक जगहों में रूकने वाले असहाय, गरीब लोग शीतलहर के साथ पड़ रही कड़ाके की ठंड में ठिठुरने मजबूर हो रहे हैं। मंगलवार को एक वृद्ध की मौत तक हो गई है।उधर जिम्मेदार अधिकारी द्वारा ये कहा जा रहा है कि बहुत जल्द टैंडर फाइनल हो जाएगा और जल्द ही सार्वजनिक जगहों पर लकड़ी की व्यवस्था कर दी जाएगी। धनवंतरी नगर इलाके के लोगों ने नवभारत को बताया कि यहां के बस स्टॉप पर एक वृद्ध सोता था जिसके पास ओढ़ने के कपड़े तो थे लेकिन जमीन पर बिछाने के लिए कुछ भी नहीं था और फिर कड़कड़ाती ठंड की वजह से बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। आने वाले कुछ दिनों में देखना ये होगा कि सार्वजनिक जगहों पर अलाव की व्यवस्था जिम्मेदार कब करा पाते हैं।
ये स्थान किए गए हैं चिह्नित
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, विक्टोरिया अस्पताल, मेडिकल अस्पताल, शहर के नर्मदा तटों के पास रात काटने वाले असहाय, गरीब लोगों के लिए ठंड में एक अलाव ही ऐसा उपाय रहता है जिससे वे ठंड से बच सकते हैं। लेकिन अभी फिलहाल इस सुविधा से लोगों को वंचित होना पड़ रहा है। ऐसे में असहाय लोग नगर निगम के उद्यान विभाग के जिम्मेदारों को कोसते हुए भी नजर आ रहे हैं।
पहले भी कई सालों में रहा है यही हाल
जानकारी के अनुसार ये कोई पहला मौका नहीं है जब शहर में ठंड का प्रकोप बढ़ने और लोगों की मौत के बाद नगर निगम का उद्यान विभाग होश में आया हो। इसके पहले भी कई सालों से ऐसा ही हुआ है कि ठंड जब बहुत अधिक बढ़ जाती है तभी लकड़ी खरीदी टैंडर की प्रक्रिया को शुरू किया जाता है। जानकारों का कहना है कि अलाव व टैंडर की प्रक्रिया की ठंड के पहले ही पूरा कर लिया जाता तो शायद ठंड में लोगों को न ठिठुरना पड़ता। उधर शहर के किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा भी शहर के सार्वजनिक जगहों पर अभी तक अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है।
इनका कहना है-
—लकड़ी खरीदने का टैंडर अभी फाइनल नहीं हुआ है बहुत जल्द ये फाइनल हो जाएगा। शहर के सार्वजनिक जगहों पर अलाव की व्यवस्था भी जल्द शुरू कर दी जाएगी। फिलहाल अभी स्टॉक में बची लकड़ियों को छिलवाने का काम शुरू कर दिया गया है।
—आलोक शुक्ला , प्रभारी,उद्याान विभाग।
