सतना :मैहर जिले के रामनगर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत नारायणपुर के मझिगवां गांव में बुधवार की सुबह उस वक्त हडक़ंप मच गया जब खेत में मौजूद कुएं के अंदर एक मगरमच्छ छटपटाता नजर आया. ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम द्वारा कड़ी मशक्कत करने के बाद किसी तरह मगरमच्छ को बाहर निकाला गया. जिसके बाद मगरमच्छ को बाणसागर बांध में छोड़ दिया गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह जब मझिगवां गांव के कुछ ग्रामीण खेतों की ओर गए तो वहां पर मौजूद कुएं के पानी में तेज हलचल सुनाई. जिसे सुनकर ग्रामीण कुंए के पास पहुंचे और झांक कर अंदर देखा. लेकिन उन्होंने जैसे ही कुएं के अंदर एक लंबे चौड़े मगरमच्छ को छटपटाते देख वैसे ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. घटना की जानकारी मिलते ही अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए.
ग्रामीणों के अनुसार मगरमच्छ बार बार कुएं से बाहर निकलने का प्रयास कर रहा था. जिसे देखते हुए फौरन ही घटना की सूचना वन विभाग को दी गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए अमरपाटन और रामनगर वन परिक्षेत्र का अमला मौके पर पहुंच गया. इसके साथ ही मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी की टीम को भी मौके पर बुला लिया गया. टीम द्वारा संयुक्त तौर पर प्रयास करते हुए रेस्क्यू शुरु किया गया.
काफी देर तक कड़ी मशक्कत करने के बाद किसी तरह मगरमच्छ को बाहर निकाल जा सका. जिसके बाद उसे बाणसागर बांध में छोड़ दिया गया. इस घटना के सामने आने पर ग्रामीणों ने हैरानी जताते हुए बताया कि इस क्षेत्र में इससे पहले कभी भी मगरमच्छ नहीं देखा गया था. जिस पर वन अमले द्वारा यह संभावना जताई गई कि अधिक बारिश के चलते बढ़े हुए जल स्तर के चलते मगरमच्छ यहां तक आ गया होगा. लेकिन पानी उतरने के दौरान वह कुंए में फंस कर रह गया होगा.
मोटर से निकाला गया पानी
मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम द्वारा कुएं में जाल डालकर मगरमच्छ को बाहर निकालने का प्रयास किया गया. लेकिन कई बार प्रयास करने के बावजूद भी मगरमच्छ जाल में ठीक तरीके से फंस नहीं पा रहा था. जब इस तरीके से सफलता नहीं मिली तो फिर वन विभाग की टीम के सामने कुएं का पानी खाली करने के अलावा कोई चारा नहीं बचा. लिहाजा मोटर की व्यवस्था कर कुएं का पानी बाहर निकाला जाने लगा. जब कुंए का पानी बाहर निकल गया तो विन विभाग की टीम के कुछ सदस्य नीचे उतरे और सावधानी पूर्वक मगरमच्छ को पकड़ लिया गया. जिसके बाद उसे सुरक्षित रीके से बाणसागर बांध में छोड़ दिया गया.
