जबलपुर: सिविल लाइन थाना अंतर्गत रसल चौक पर मामूली गाड़ी टकराने के विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि 20 युवकों ने अधिवक्ता को घेर लिया इसके बाद अधिवक्ता का पीछा कर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घायल अधिवक्ता को लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया गया है।पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पंचशील आदर्श नगर गोरखपुर निवासी अधिवक्ता आयुष शर्मा अपनी स्कूटी क्रमांक एमपी 49 एमएल 3916 से सिविल लाइन क्षेत्र से काम निपटाकर रसल चौक की ओर जा रहे थे।
एम्पायर टॉकीज के पास उनकी स्कूटी की भिड़ंत वैशाख की गाड़ी एमपी 20 यूए 2515 से हो गई। मौके पर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। मामला शांत समझकर आयुष वहां से आगे निकल गए, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि आरोपी उनका पीछा कर रहे हैं। जब वे रसल चौक पर एक जूस की दुकान के पास रुके, तभी आरोपी वैशाख, निर्मल और एक अन्य साथी वहां पहुंच गए। वैशाख के हाथ में लोहे की रॉड थी।
आरोपियों ने चिल्लाते हुए कहा तूने आज विटनरी कॉलेज वालों से गलत पंगा लिया है, आज तुझे जान से मार दूंगा। इतना कहते ही आरोपियों ने रॉड से आयुष के सिर पर जोरदार वार किया। हमला इतना घातक था कि आयुष की आंख के पास से खून की धार बहने लगी और वे मौके पर ही बेहोश हो गए। जब अधिवक्ता को कुछ देर बाद होश आया तो तीनों आरोपी उनका कॉलर पकडक़र उन्हें लात-घूंसों से पीट रहे थे। इसी बीच वहां 15 से 20 अन्य युवक भी पहुंच गए और उन्होंने भी अधिवक्ता को घेरकर हमला कर दिया। गनीमत रही कि आयुष का दोस्त शुभम मिश्रा वहां पहुंच गया, जिसे देखकर हमलावर भागने लगे। सिविल लाइन पुलिस ने आयुष शर्मा की शिकायत पर वैशाख, निर्मल और अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है ।
