दतिया: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री धार्मिक नगरी दतिया पहुंचे। यहां उन्होंने प्रसिद्ध मां पीतांबरा पीठ में पहुंचकर माँ पीताम्बरा और माँ बगलामुखी के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने महाभारतकालीन वन खंडेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दतिया पहुंचने पर पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने उनका स्वागत किया। इस मुलाकात के बाद पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के निवास पर भी पहुंचे, जहां उनका स्वागत-सत्कार किया गया। उनके दतिया आगमन को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला।
हिंदुत्व को मुसलमानों या ईसाइयों से खतरा नहीं
दर्शन-पूजन के बाद मीडिया ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से बातचीत की, उन्होंने सनातन धर्म और हिंदू समाज को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आज सनातन को हिंदुत्व को, न तो मुसलमानों से खतरा है और न ही ईसाइयों से, बल्कि आज हिन्दुओं को हिन्दुओं से खतरा ज्यादा है।एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मैं यहाँ किसी को समझाने नहीं आया सिर्फ लोगों को जगाने आया हूँ और इस दुनिया में जो भी जगाने का काम करता है उसकी वैचारिक या फिर शारीरिक हत्या होती ही है जैसे मुर्गा जगाने का काम करता है और वही सबसे ज्यादा काटा जाता है।
