इंदौर: निहालपुरा क्षेत्र में गुरुवार रात कलेक्शन एजेंट मुकेश अग्रवाल से करीब २९ लाख रुपए की लूट हो गई. दो बदमाश एक्टिवा से आए और बैग छीनकर भाग निकले.
पंढरीनाथ इलाके में गुरुवार रात हुई लूट की इस वारदात से व्यापारियों में हड़कंप मच गया. मुकेश अग्रवाल बर्तन व्यापारियों से कलेक्शन का काम करते हैं. रात में वह बर्तन बाजार और मोहनपुरा क्षेत्र से रकम इकट्ठा कर बैग में रखकर लौट रहे थे.
निहालपुरा इलाके में एक्टिवा सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोका और धमकाकर बैग छीन लिया, बैग में २९ लाख रुपए की नकदी रखी थी. वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद मुकेश रात करीब ९ बजे पंढरीनाथ थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए जोन-४ के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई. तीन थानों की पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. एसीपी विजय तिवारी ने बताया कि घटना रात करीब ८ से सवा ८ बजे के बीच की है. आरोपियों ने करीब २९ लाख रुपए की लूट की वारदात को अंजाम दिया है. घटना के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.
