मुंबई, (वार्ता) राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दो अलग-अलग अभियानों में करीब 11.25 करोड़ रुपये मूल्य की 2.25 किलोग्राम कोकीन जब्त की है। इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी के सिलसिले में चार विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।
डीआरआई अधिकारियों को इथियोपिया के अदीस अबाबा से आ रहे इन संदिग्ध यात्रियों के संबंध में पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर हवाई अड्डे पर इन्हें रोका गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने भारत में तस्करी के उद्देश्य से नशीले पदार्थों से भरे कैप्सूल निगल लिए थे।
इसके बाद आरोपियों को तुरंत एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने चिकित्सा प्रक्रिया के माध्यम से उनके शरीर से कोकीन से भरे कैप्सूल बरामद किए। 22 मई को चलाए गए पहले अभियान में एक पुरुष और एक महिला के शरीर से करीब 7 करोड़ रुपये मूल्य की 1.40 किलोग्राम कोकीन (84 कैप्सूल) बरामद हुई। वहीं, 19 मई को हुए दूसरे अभियान में एक अन्य अफ्रीकी जोड़े के शरीर से लगभग 4.25 करोड़ रुपये मूल्य की 850 ग्राम कोकीन (63 कैप्सूल) निकाली गई।
डीआरआई अब इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
