मुंबई, 02 अगस्त (वार्ता) अभिनेत्री कुब्रा सैत ने दिग्गज पर्वतारोही निर्मल “निम्स” पुर्जा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है।कुब्रा ने निम्स को अपने समय के सबसे महान पर्वतारोहियों में से एक बताते हुए कहा कि उन्होंने महज छह महीने और छह दिनों में दुनिया की सभी 14 आठ-हज़ारी चोटियों को फतह कर मानवीय क्षमता की नई मिसाल कायम की। निम्स का जीवन केवल रिकॉर्ड बनाने तक सीमित नहीं था, बल्कि वह साहस, धैर्य और पहाड़ों के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक था।
उन्होंने कहा, “मैं आज नेपाल में हूं। यह उनका घर है और इसलिए यह क्षति मेरे लिए बेहद निजी महसूस हो रही है।”
कुब्रा ने पहाड़ों से मिली सीख साझा करते हुए कहा, “पहाड़ आपको विनम्र बनाते हैं। वे आपको एहसास दिलाते हैं कि आप कितने छोटे हैं। शिखर तक पहुंचना कभी अंतिम मंजिल नहीं होता। वहां आप कुछ मिनट जश्न मना सकते हैं, लेकिन असली चुनौती सुरक्षित नीचे लौटने की होती है।”
उन्होंने बताया कि उनकी निम्स से कभी व्यक्तिगत मुलाकात नहीं हुई, लेकिन पर्वतारोहण के प्रति साझा सम्मान ने उन्हें उनसे गहराई से जोड़े रखा। कुब्रा ने कहा, “मैं उनसे कभी नहीं मिली। लेकिन जिसने भी कभी पर्वतारोहण के जूते पहने हैं, ऊंचाई पर गहरी सांस ली है या किसी पहाड़ को सम्मान और विस्मय के साथ देखा है, वह जानता है कि हमने सच में अपना एक साथी खो दिया है।”
कुब्रा ने निम्स के परिवार, उनके साथियों और दुनिया भर के पर्वतारोहियों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “शांति से विश्राम करें, निम्स। आपकी चढ़ाई भले ही पूरी हो गई हो, लेकिन आपकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को हमेशा नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की प्रेरणा देती रहेगी।”
