
देवसर । शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवसर में सामग्री एवं पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम विश्वामित्र पाठक विधायक सिहावल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मां वीणावादिनी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई तत्पश्चात विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की प्रस्तुति दी गई।
विद्यालय के प्राचार्य कमलेंद्र द्विवेदी द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा एवं विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विश्वामित्र पाठक विधायक ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उनके शैक्षणिक विकास को बढ़ावा देना है। शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
छात्राएं पूरी लगन, मेहनत एवं अनुशासन के साथ अध्ययन कर अपने लक्ष्य को प्राप्त करें तथा परिवार, समाज और क्षेत्र का नाम रोशन करें। इस दौरान छात्राओं को अध्ययन संबंधी सामग्री, चित्रकला व अन्य प्रतियोगियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार एवं साइकिल वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर प्रदीप सिंह नायब तहसीलदार, राजेश चंद्र मिश्रा टीआई, संतराम बैस, रमापति शुक्ल, गोमती प्रसाद पाठक, प्राचार्य गण कमलेंद द्विवेदी, सीपी प्रजापति, डॉ. शिवार्चन शुक्ला एवं छात्र छात्राएं मौजूद रहे।
