
जबलपुर, नवभारत। जबलपुर से मदन महल की ओर जा रही धनबाद-यशवंतपुर एक्सप्रेस (06564) के सामने अन्ना मोहल्ला निवासी राहुल स्वामी (36) अचानक पटरी पर सिर रखकर लेट गया। ट्रेन की गति कम होने के कारण चालक ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर उसे बचा लिया। हालांकि, जान बचने के बाद आरोपित युवक ने पटरी की गिट्टियां उठाकर इंजन और चालक पर पथराव कर दिया और वहां से भाग निकला। इस दौरान रेल सुरक्षा आयुक्त संजीव राणा, निरीक्षक राजीव खरब और सहायक उप निरीक्षक धीरज कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पता चला कि आरोपित मानसिक रूप से विक्षिप्त है। अन्ना मोहल्ले से रेलवे ट्रैक तक सीधे जुड़ने वाले रास्तों के कारण अक्सर ऐसी जानलेवा स्थितियां निर्मित होती हैं जो रेल सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं।
