खंडवा :मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोमवार को खंडवा में ‘बलराम कृषि महोत्सव’ का शुभारंभ करते हुए प्रदेश के 82 लाख किसानों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से किसान सम्मान निधि के ₹3300 करोड़ सीधे किसानों के खातों में ट्रांसफर किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक प्रहार करते हुए समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सिंचाई और तुष्टिकरण के मुद्दे पर विपक्ष को जमकर घेरा। प्रदेशभर के किसानों के लिए एक बड़ी घोषणा करते हुए सीएम ने कहा कि बारिश का मौसम खत्म होने के बाद सरकार का प्रयास रहेगा कि किसानों को सिंचाई के लिए रात के बजाय दिन में बिजली उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री के संबोधन की प्रमुख घोषणाए:
सिंचाई: 7.5 लाख से 65 लाख हेक्टेयर का सफर :
मुख्यमंत्री ने राज्य के सिंचाई आंकड़ों के साथ कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में 55 साल तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस सिंचाई व्यवस्था मजबूत नहीं कर सकी। भाजपा के सत्ता में आने से पहले पूरे प्रदेश में मात्र 7.5 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित थी, जिसे वर्तमान सरकार ने बढ़ाकर 65 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी इस नाकामी के लिए प्रदेश के किसानों से माफी मांगनी चाहिए।
यूसीसी पर दो टूक- “राम की एक तो रहीम की चार कैसे?”
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और तीन तलाक का जिक्र करते हुए सीएम डॉ यादव ने कड़े तेवर दिखाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि देश में सभी नागरिकों के लिए समान कानून होना चाहिए— “राम की एक तो रहीम की चार कैसे?” महिलाओं के सम्मान के लिए तीन तलाक जैसी कुप्रथा को खत्म करना बेहद जरूरी था, जिसका बड़ी संख्या में मुस्लिम महिलाओं ने भी समर्थन किया है। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण और समाज में बंटवारे की राजनीति करने का आरोप लगाया।
किसानों को अब दिन में मिलेगी बिजली
किसानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने एक बड़ा राज्य स्तरीय ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सिंचाई के दौरान रात में करंट या जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा रहता है। इसे देखते हुए सरकार व्यवस्था कर रही है कि किसानों को रात की जगह दिन में पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जा सके।
आधुनिक सांदीपनि विद्यालय और तीर्थ स्थलों का विकास
प्रदेश में शिक्षा और धर्म संस्कृति के विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सांदीपनि आश्रम की तर्ज पर राज्य में आधुनिक सुविधाओं वाले सांदीपनि विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही ओंकारेश्वर, महाकाल व दादा धूनीवाले धाम सहित प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों के प्रति सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
खंडवा को मिली पुलिस बटालियन की सौगात
महोत्सव के दौरान स्थानीय स्तर पर बड़ी घोषणा करते हुए सीएम ने खंडवा में ‘पुलिस बटालियन’ की स्थापना को मंजूरी दी। यह इस निमाड़ अंचल की एक बहुप्रतीक्षित मांग थी जिसे मंच से पूरा करने का ऐलान किया गया।
मोदी के नाम से कांग्रेस को होती है तकलीफ
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि पीएम आवास, मुफ्त राशन और किसान सम्मान निधि ने प्रदेश के लाखों गरीबों का जीवन बदल दिया है। लेकिन कांग्रेस को मोदी जी का नाम सुनते ही तकलीफ होने लगती है, क्योंकि वे कभी हितग्राहियों को सीधा लाभ नहीं दे पाए। भाजपा सरकार बिना किसी बिचौलिए के सीधे खातों में पैसा पहुंचा रही है।
