दतिया: विधानसभा उपचुनाव की मतदान की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है वैसे-वैसे कांग्रेस-भाजपा दोनों ही पार्टियां जीत का परचम लहराने और मतदाताओं को लुभाना के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक रही है। वोटिंग और चुनाव प्रचार थमने से पहले कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही पार्टियों के दिग्गज नेता दतिया में डेरा जमाए हुए हैं। आज सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी दतिया जाएंगे।
यहां वे भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में रोड शो करेंगे। यह रोड शो मां पीतांबरा शक्तिपीठ के पश्चिमी द्वार से शुरू होकर भैरो मंदिर बड़ी तिगैलिया तक निकाला जाएगा। इस दौरान उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग भी शामिल होंगे। इससे पहले 25 जुलाई शनिवार को मुख्यमंत्री ने 2 सभाएं की थी। 14 दिनों में यह तीसरी बार है जब मुख्यमंत्री दतिया पहुंचेंगे।
दतिया विधानसभा में 30 जुलाई को उपचुनाव के लिए मतदान होना है। चुनाव प्रचार 28 जुलाई को थम जाएगा, ऐसे में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के इस दौरे को भाजपा के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार , मुख्यमंत्री शाम 4:30 बजे दतिया पहुंचेंगे। पहले वे मां पीतांबरा शक्तिपीठ में दर्शन-पूजन करेंगे और फिर शाम 5 बजे सिंधी धर्मशाला में आयोजित कुशवाह समाज के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद विशाल रोड शो में शामिल होंगे।
कांग्रेस के राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने से यह सीट रिक्त हुई है। कांग्रेस ने पूर्व विधायक और राजघराने से ताल्लुक रखने वाले घनश्याम सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं भाजपा ने आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा है।
