
सिंगरौली । मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा पर अपराधों की रोकथाम, नशा तस्करी पर अंकुश और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दोनों राज्यों की पुलिस ने समन्वय मजबूत करने की पहल की है। आज शनिवार को मोरवा थाने में अंतरराज्यीय सीमा समन्वय बैठक आयोजित की गई।
पुलिस अधीक्षक षियाज केएम के निर्देशन में आयोजित बैठक में एसडीओपी सिंगरौली अमित कुमार, मोरवा थाना प्रभारी ज्ञानेन्द्र सिंह, उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के पिपरी क्षेत्र के सीओ हर्ष पाण्डेय तथा अनपरा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश चौबे मौजूद रहे। बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सक्रिय तस्करी मार्गों और अपराधियों के तरीकों से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाओं का आदान-प्रदान किया गया। पिछले दस वर्षों में दर्ज एनडीपीएस के अपराधों की सूची भी साझा की गई। दोनों राज्यों में फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की जानकारी साझा कर उनकी गिरफ्तारी के लिए समन्वित प्रयास करने पर सहमति बनी। आवश्यकता पड़ने पर वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति से संयुक्त दबिश देने तथा सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा कबाड़ चोरी और उसके अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए आपसी तालमेल से कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। बैठक का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाना रहा।
