नयी दिल्ली, 04 मई (वार्ता) कांग्रेस महासचिव एवं केरल के वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस गठबंधन को जिताने के लिए केरल की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि उनके विश्वास और अपार समर्थन से उत्साहित होकर संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) राज्य में बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए काम करेगा। श्रीमती वाड्रा ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में सोमवार को कहा कि केरल की जनता का भरोसा ही यूडीएफ के लिए मार्गदर्शक शक्ति बनेगा और आने वाले पांच वर्षों में ईमानदारी एवं विनम्रता के साथ किए गए वादों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने वायनाड की जनता का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि वहां यूडीएफ को 7 में से 7 सीटों पर मिली जीत जनता के मजबूत विश्वास का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सभी प्रतिनिधि मिलकर काम करेंगे और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने यूडीएफ के कार्यकर्ताओं और नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से एकजुट और प्रगतिशील केरल का संदेश हर घर तक पहुंचा है तथा आने वाले वर्षों में जनता की सेवा का संकल्प और मजबूत होगा।

