शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे: डॉ.राजेश

सीधी। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत शनिवार को मझौली विकासखंड के मड़वास में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। सांसद डॉ.राजेश मिश्रा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितलाभ वितरित किए गए।

सांसद डॉ.राजेश मिश्रा ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से विभागवार उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली तथा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताएं जानीं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य शिविर का भी उन्होंने जायजा लिया, जहां ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस अवसर पर सांसद डॉ.मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार का निरंतर प्रयास है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को धरातल पर साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब पात्र व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचे। इसलिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। सांसद ने अधिकारियों से कहा कि सेवा सेतु शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुना जाए। पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त कर उनका समय-सीमा में निराकरण किया जाए तथा योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, सामाजिक न्याय सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत हितलाभ वितरित किए गए। इसी क्रम में जिले के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी सेवा सेतु शिविर आयोजित किए गए। कुसमी विकासखंड के पोड़ी एवं सीधी के चौफाल में आयोजित शिविरों में भी विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविरों में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श भी उपलब्ध कराया गया।

खड्डी में कलेक्टर ने किया शिविर का निरीक्षण

रामपुर नैकिन विकासखंड के खड्डी में भी सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर विकास मिश्रा ने शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने शिविर में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने तथा निराकरण की जानकारी संबंधित पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश दिए।

Next Post

बाइक को कार की टक्कर के बाद विवाद, मेडिकल कॉलेज छात्र से मारपीट 

Sat Oct 3 , 2026
नीमच। शहर में मेडिकल कॉलेज के एक छात्र के साथ मारपीट, जान से मारने की धमकी और बाद में कॉलेज परिसर के गेट के पास फिर विवाद होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज के बड़ी संख्या में छात्र कैंट थाने पहुंचे और शिकायत आवेदन सौंपकर […]

You May Like