
नीमच। शहर में मेडिकल कॉलेज के एक छात्र के साथ मारपीट, जान से मारने की धमकी और बाद में कॉलेज परिसर के गेट के पास फिर विवाद होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज के बड़ी संख्या में छात्र कैंट थाने पहुंचे और शिकायत आवेदन सौंपकर सुरक्षा की मांग की। वहीं मामले में मंडी इंस्पेक्टर निलेश चौहान भी अपना पक्ष रखते हुए कैंट थाने पहुंचे और अपनी ओर से शिकायत दी। दोनों पक्षों से मिले आवेदनों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
होटल से खाना खाकर लौट रहा था छात्र, कार से टक्कर के बाद बढ़ा विवाद
मेडिकल कॉलेज के छात्र हर्ष गुप्ता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि शुक्रवार रात वह एक होटल से खाना खाकर बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आई एक कार ने उनकी बाइक को हल्की टक्कर मार दी। छात्र के अनुसार, टक्कर के बाद कार सवार व्यक्ति ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
हर्ष के मुताबिक, बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की के बाद मारपीट हो गई। छात्र का कहना है कि उसने अपने बचाव में सामने वाले व्यक्ति को पीछे धकेला, जिससे वह जमीन पर गिर गया।
कार से कुचलने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
हर्ष ने अपने आवेदन में आरोप लगाया कि विवाद के बाद कार सवार व्यक्ति ने उसे कार से कुचलने और जान से मारने की धमकी दी। छात्र का कहना है कि घटना के बाद भी विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ।
उसके अनुसार, शनिवार सुबह मेडिकल कॉलेज परिसर के गेट के पास दो अन्य लोग पहुंचे और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान कुल्हाड़ी से हमला करने का प्रयास किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। छात्र ने बताया कि हमले से बचने के प्रयास में उसके शरीर पर चोट आई। उसके साथ मौजूद अन्य छात्रों के साथ भी हाथापाई किए जाने का आरोप लगाया गया है।
छात्र ने पुलिस को दिए आवेदन में यह भी आरोप लगाया कि उसे और अन्य विद्यार्थियों को लगातार धमकियां दी जा रही हैं। उनके भविष्य और करियर को नुकसान पहुंचाने की बात कहे जाने का भी आरोप लगाया गया है। छात्र ने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने और मामले में कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद थाने पहुंचे बड़ी संख्या में छात्र
मामले की जानकारी मेडिकल कॉलेज के अन्य विद्यार्थियों को मिलने के बाद बड़ी संख्या में छात्र कैंट थाने पहुंच गए। छात्रों ने पुलिस अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रखा और सुरक्षा की मांग की। मेडिकल कॉलेज के डीन भी थाने पहुंचे।
छात्रों का कहना था कि कॉलेज में पढऩे वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा महत्वपूर्ण है और घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
मंडी इंस्पेक्टर ने भी दिया आवेदन, बताया- छात्र नशे में थे
इधर, मामले में मंडी इंस्पेक्टर निलेश चौहान भी कैंट थाने पहुंचे और अपनी ओर से आवेदन दिया। उन्होंने छात्र पक्ष के आरोपों से अलग अपना पक्ष रखते हुए कहा कि संबंधित छात्र नशे में थे और उनके साथ मारपीट की गई। हालांकि उन्होंने मामले को लेकर इससे अधिक जानकारी देने से इनकार किया।
दोनों पक्षों के आवेदन लिए, जांच के बाद साफ होगी तस्वीर
समाचार लिखे जाने तक कैंट पुलिस दोनों पक्षों के आवेदन लेकर मामले की जांच कर रही थी। घटना में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े लोगों, वाहन और मौके की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही मारपीट, धमकी और अन्य आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी तथा पुलिस आगे की कार्रवाई तय करेगी।
