
जावद। थाना क्षेत्र में खेत में रोटावेटर की चपेट में आने से 35 वर्षीय खेत मजदूर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब रोटावेटर चालू करते समय मजदूर का गमछा मशीन में फंस गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान राजस्थान के प्रतापगढ़ निवासी 35 वर्षीय गौतम रावत के रूप में हुई है। बताया गया कि गौतम पिछले करीब दो वर्षों से अठाना निवासी सुरेश धाकड़ के खेत पर मजदूरी करता था। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे वह खेत पर पहुंचा था।
घटना के समय गौतम खेत पर अकेला था। कुछ देर बाद खेत मालिक सुरेश धाकड़ वहां पहुंचे तो रोटावेटर चालू हालत में था और गौतम जमीन पर पड़ा मिला। उन्होंने तत्काल मशीन बंद की और घटना की सूचना जावद पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार कर मर्ग कायम किया। शव को शासकीय अस्पताल भेजा गया, जहां शुक्रवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
