रीवा:शासन द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत निगम आयुक्त अक्षत जैन के निर्देशानुसार नगर पालिक निगम रीवा द्वारा बुधवार को नगर निगम टाउन हॉल में सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का शुभारंभ उपायुक्त प्रकाश द्विवेदी ने माता सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
शिविर के दौरान सफाई मित्रों के लिए क्षमता वर्धन कार्यशाला आयोजित की गई. कार्यशाला में सफाई कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपायों, सावधानियों, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के उपयोग तथा सुरक्षित कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी प्रदान की गई. साथ ही शिविर के दौरान चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें कुल 260 सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया. स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई.
शिविर में सफाई मित्रों एवं उनके परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई. संबंधित विभागों द्वारा कैंप लगाकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोडऩे एवं लाभ दिलाने की प्रक्रिया की गई. इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, आयुष्मान भारत योजना एवं मिशन इंद्रधनुष सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं शामिल रहीं. अधिकारियों एवं संबंधित विभागों की टीम द्वारा पात्र सफाई मित्रों से आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज प्राप्त कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया गया. नगर निगम द्वारा आयोजित इस शिविर के माध्यम से सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, सम्मान एवं सामाजिक-आर्थिक कल्याण को प्राथमिकता देते हुए उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोडऩे का प्रयास किया गया.
