
शाजापुर। कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने गुरुवार को एफएलएन कार्यक्रम की प्रगति तथा कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों की समीक्षा की. कलेक्टर ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के गत वर्ष एवं वर्तमान सत्र के त्रैमासिक परीक्षा परिणामों की समीक्षा के दौरान अंतिम 5 विद्यालयों के प्राचार्यों को नोटिस देने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए.
कलेक्टर सुश्री बाफना ने जिले के विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं एफएलएन कार्यक्रम की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की. उन्होंने निर्देश दिए कि शिक्षक प्रत्येक बच्चे की दक्षता को ट्रैकर में वास्तविक रूप से दर्ज करें तथा शिक्षण कार्य शिक्षक संदर्शिका के अनुरूप संचालित किया जाए. कलेक्टर ने जनशिक्षकों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि उनके अधीन सभी विद्यालयों का प्रत्येक माह शत-प्रतिशत विद्यालय निरीक्षण हो. साथ ही यह भी देखा जाए कि कक्षा संचालन निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार हो रहा है या नहीं. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की अभ्यास पुस्तिकाओं में शिक्षक संदर्शिका के अनुरूप कार्य कराया जाए, उसे शिक्षक द्वारा जांचा जाए तथा आवश्यक सुझाव अंकित किए जाएं. ताकि बच्चों की सीखने की प्रक्रिया में निरंतर सुधार हो सके. कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि जिले के सभी विद्यालयों में एफएलएन सामग्री 100 प्रतिशत उपलब्ध कराई जाए तथा उसका प्रभावी उपयोग शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया में सुनिश्चित किया जाए. बैठक में शैक्षणिक संवाद, मॉनिटरिंग की स्थिति, मासिक शाला ट्रैकर तथा अन्य प्रमुख बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई. इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अनुपमा चौहान, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विवेक दुबे, डीपीसी अनुराग पांडे, सहायक संचालक आरएस शिप्रे, पुष्पेंद्र सस्तिया तथा एफएलएन प्रभारी रवि विश्वकर्मा सहित बीईओ, बीआरसी, प्राचार्य एवं जनशिक्षकगण उपस्थित थे.
एफएलएन मेला लगाने के निर्देश…
कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने विद्यालयों में 30 अक्टूबर एवं 15 नवम्बर 2025 को एफएलएन मेला लगाने के निर्देश दिए. वहीं कलेक्टर ने जो शिक्षक नए आए हैं एवं एफएलएन के बारे में नहीं जानते तथा कमजोर शिक्षकों की दक्षता संवर्धन के लिए कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए. जो शिक्षक अपने कार्य के प्रति समर्पित होकर बच्चों को शिक्षित कर रहे हैं, उनके विषयवार वीडियो बनाकर अन्य विद्यालयों में चलवाएं.
ईसीसीई एक्टिविटी का निरीक्षण करें…
समीपस्थ विद्यालय के शिक्षक आंगनवाडिय़ों में चल रही ईसीसीई प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा की गतिविधियों का निरीक्षण कर बच्चों एवं कार्यकर्ता को मोटिवेट करें. ईसीसीई प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा में आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए खेल आधारित और छात्र केंद्रित गतिविधियां शामिल हैं. जैसे कहानी कहना, कविता पाठ, रंग और आकार सिखाना, और मांसपेशियों के समन्वय के लिए खेल कूद संचालित की जा रही हैं. इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों के समग्र विकास, यानी सामाजिक, भावनात्मक, संज्ञानात्मक और शारीरिक विकास पर ध्यान केंद्रित करना है, ताकि वे औपचारिक स्कूली शिक्षा के लिए तैयार हो सकें.
