दो करोड़ रुपये की रंगदारी मामले में नंदू गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 03 मई (वार्ता) दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने छावला इलाके में दर्ज रंगदारी के एक बड़े मामले में कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग के मुख्य सहयोगी और फरार आरोपी कप्तान उर्फ तन्ना को गिरफ्तार कर लिया है।

अधिकारियों ने आज यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) हर्ष इंदोरा ने कहा, “आरोपी की गिरफ्तारी हमारी टीम की निरंतर तकनीकी निगरानी और समन्वित प्रयासों का परिणाम है। उसने साजिश को अंजाम देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी। इसमें अवैध हथियारों की व्यवस्था करना भी शामिल था। वह लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था।”

पुलिस के अनुसार, आरोपी उस मामले में शामिल था जिसमें एक व्यवसायी को जान से मारने की धमकी दी गयी थी और दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गयी थी। जब पीड़ित ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो गिरोह के सदस्यों ने कथित तौर पर उसके घर की रेकी की और उसे डराने के लिए फायरिंग की योजना बनायी।

पुलिस ने बताया कि कप्तान ने इस साजिश में हथियार आपूर्तिकर्ता और मददगार के रूप में काम किया था। पुख्ता सूचना और तकनीकी निगरानी की मदद से टीम ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और उसे दीनपुर इलाके से धर दबोचा।

अधिकारियों ने उसे आदतन अपराधी बताया, जो पहले भी कई गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।

 

Next Post

भारत के लिए लगभग 47 हजार टन एलपीजी लेकर आ रहे गैस टैंकर ने होर्मुज पार किया

Sun May 3 , 2026
नयी दिल्ली 03 मई (वार्ता) सरकार ने बताया है कि भारत के लिए 46 हजार 313 टन एलपीजी लेकर आ रहे मार्शल आईलैंड के एक गैस टैंकर सर्व शक्ति ने शनिवार को सुरक्षित रूप से होर्मुज़ जलडमरूमध्य पार कर लिया और इसके 13 मई को विशाखापत्तनम पहुंचने की उम्मीद है। […]

You May Like