इंदौर: इंदौर में 63 वां ग्रीन कॉरिडोर सफलतापूर्वक बनाया गया, जिसके माध्यम से इंदौर में 54 वर्षीय महिला रोगी को किडनी प्रत्यारोपित की गई. भोपाल की 85 वर्षीय श्रीमती जमुना मेंघवानी, जिन्हें सीवियर ब्रेन हेमरेज के बाद ब्रेन डेड घोषित किया गया, उनके परिजनों ने साहसिक निर्णय लेते हुए उनके अंगदान की स्वीकृति दी। इस निर्णय से दो रोगियों को नया जीवन मिल सका।
श्रीमती जमुना का उपचार भोपाल के बंसल हॉस्पिटल में चल रहा था। उनकी एक किडनी बंसल हॉस्पिटल में 49 वर्षीय रोगी को प्रत्यारोपित की गई, जबकि दूसरी किडनी इंदौर के राजश्री अपोलो हॉस्पिटल में 54 वर्षीय महिला को प्रदान की गई।किडनी को भोपाल से इंदौर पहुंचाने के लिए एक ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया, जिसमें भोपाल, देवास, और इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने उत्कृष्ट समन्वय दिखाया। शाम 6:30 बजे किडनी भोपाल से रवाना हुई और रात्रि 9:30 बजे इंदौर पहुंच गई।
इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग और सामाजिक संगठनों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। सोटो म.प्र. के नोडल ऑफिसर डॉ. मनीष पुरोहित और इंदौर के राजश्री अपोलो हॉस्पिटल के ऑर्गन ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर डॉ. संजय जैन ने इस पूरे प्रयास को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। परिजनों का यह परोपकारी निर्णय न केवल दो जीवन बचाने में सहायक रहा, बल्कि समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक प्रेरणादायक उदाहरण भी बन गया।
