नयी दिल्ली, 30 मई (वार्ता) मनु भाकर और सम्राट राणा की भारतीय जोड़ी को विश्व नंबर एक और मौजूदा विश्व चैंपियन चीन के याओ चियानशुन और हू काई ने बेहद करीबी मुकाबले में मात्र 0.3 अंक से पछाड़ दिया। इसके साथ ही भारतीय जोड़ी ने जर्मनी के म्यूनिख स्थित ओलंपियाशूट्सानलागे में आयोजित इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) राइफल/पिस्टल वर्ल्ड कप के अंतिम दिन 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया।
इस रजत पदक के साथ भारत ने प्रतियोगिता का समापन दो स्वर्ण और दो रजत पदकों के साथ पदक तालिका में दूसरे स्थान पर किया। चीन चार स्वर्ण और तीन कांस्य पदकों के साथ शीर्ष पर रहा।
फाइनल में मनु और सम्राट की शुरुआत धीमी रही। दोनों ने पहले पांच-पांच शॉट की श्रृंखला के बाद कुल 100.0 अंक बनाए और चार टीमों के फाइनल में तीसरे स्थान पर रहे। सम्राट ने 51.0 और मनु ने 49.0 अंक हासिल किए।
दूसरी श्रृंखला में मनु ने शानदार वापसी करते हुए 51.5 अंक जुटाए, जबकि सम्राट ने 49.9 अंक बनाए। इसके दम पर भारतीय जोड़ी दूसरे स्थान पर पहुंच गई।
तीसरी श्रृंखला के अंत तक भारतीय जोड़ी ने चीनी जोड़ी से अंतर घटाकर मात्र 0.1 अंक कर दिया। मनु ने प्रभावशाली 51.8 अंक बनाए, जबकि सम्राट ने 50.7 अंक का योगदान दिया।
इसके बाद तीन-तीन शॉट की पहली एलिमिनेशन श्रृंखला में भारतीय जोड़ी ने 2.2 अंकों की बड़ी बढ़त बना ली। मनु ने 30.9 और सम्राट ने 30.5 अंक हासिल किए, जबकि चीनी जोड़ी ने 29.7 और 29.4 अंक ही जुटाए।
हालांकि अगली एलिमिनेशन श्रृंखला में मुकाबला पलट गया। सम्राट ने 31.2 अंक बनाए, लेकिन मनु के 19वें और 20वें शॉट में क्रमशः 9.3 और 8.8 अंक आने से चीन को वापसी का मौका मिल गया।
21वें शॉट के बाद भारतीय जोड़ी की 2.2 अंकों की बढ़त पूरी तरह समाप्त हो गई और याओ तथा हू 0.2 अंक की बढ़त लेने में सफल रहे। इसी श्रृंखला के बाद चीन के शेन यीहाओ और बु शुआइहांग की जोड़ी का कांस्य पदक भी सुनिश्चित हो गया।
अंतिम श्रृंखला में मनु ने 10.6 के साथ शुरुआत की, लेकिन सम्राट केवल 8.8 अंक ही बना सके, जिससे चीनी जोड़ी की बढ़त और बढ़ गई। याओ ने 23वें शॉट में 8.7 अंक बनाए, लेकिन हू काई ने लगातार ऊंचे 10 के स्कोर लगाकर उनकी भरपाई कर दी।
भारतीय जोड़ी ने अंत तक संघर्ष किया, लेकिन केवल 0.3 अंक का अंतर ही कम कर सकी और रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
इससे पहले क्वालिफिकेशन में भारत की दूसरी जोड़ी सुरुचि सिंह और शरवन कुमार 575-20x के संयुक्त स्कोर के साथ 10वें स्थान पर रही। सुरुचि ने 291-11x और शरवन ने 284-9x का स्कोर बनाया।
राइफल मिश्रित टीम में भारतीय जोड़ी पदक दौर से चूकी
दिन की शुरुआत में राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में भारत की दोनों जोड़ियां पदक मुकाबलों के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकीं। एलावेनिल वलारिवन और अर्जुन बाबुता की जोड़ी 630.0 के संयुक्त स्कोर के साथ 14वें स्थान पर रही, जबकि आर्या बोरसे और शाहू तुषार माने 629.6 के स्कोर के साथ 16वें स्थान पर रहे।
चीन की वांग जिफेई और शेंग लिहाओ की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीता। नॉर्वे की जेनेट हेग डुएस्टाड और जॉन-हर्मन हेग ने रजत पदक हासिल किया, जबकि चीन की दूसरी जोड़ी हान जियायू और मा सिहान ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
