जबलपुर: हनुमानताल थाना अंतर्गत नूरानी गेट में घोड़े से दूर हटने की सलाह देने पर मोनू उर्फ मोहम्मद सादिल की चाकुओं से गोदकर हत्या करने वाले फरार चार और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि चार आरोपी इसके पहले गिरफ्तार किए जा चुके थे जिन्हें बुधवार को पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया था. विदित हो कि नयापुल मोतीनाला निवासी मोनू अपने साथियों सोहराब, बादशाह और अमन के साथ शादी-ब्याह में घोड़ा-बग्घी चलाने का काम करता था। शनिवार रात करीब 11 बजे नूरानी गेट के पास एक बारात में शामिल थे। इसी बीच घोड़े के पीछे खड़े जीशान को मोनू ने सुरक्षा के लिहाज से टोका कि पीछे मत खड़े हो, घोड़ा लात मार देगा।
जीशान इस बात को लेकर आपा खो बैठा और देख लेने की धमकी देकर चला गया। जब मोनू और उसके साथी काम खत्म कर रात करीब 12:15 बजे घोड़ा वापस छोडऩे जा रहे थे तभी स्लाटर हाउस पास घात लगाए बैठें जीशान, शहबाज, गुलशेर, डी नौशाद, फरहान, याशीन, साकिर और तनवीर ने मोनू पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला हत्या कर दी थी । बचाने आए सोहराब पर भी हमला किया था। पुलिस ने जीशान, साकिर, तनवीर, शहबाज को गिरफ्तार किया था जिन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार फरहान, गुलेशर, डी नौशाद, याशीन को भी गिरफ्तार किया है ।
