गुवाहाटी, 09 अप्रैल (वार्ता) असम विधानसभा चुनाव में मतदान के शुरुआती छह घंटों में 59.63 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
राज्य की सभी 126 सीटों के लिए मतदान आज सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक चलेगा।
चुनाव आयोग के अनुसार अपराह्न एक बजे तक 59.63 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लम्बी कतार दिख रही है।
युवाओं में मतदान के प्रति अच्छा खास जोश दिखाई दे रहा है। राज्य में अभी तक कहीं से कोई अप्रिय रिपोर्ट नहीं मिली है और मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है।
चुनावी राज्य के दक्षिण सलमारा मनकाचार जिले में सबसे अधिक 65.93 प्रतिशत और कार्बी आंगलोंग में सबसे कम 50.85 प्रतिशत मतदान हुआ है।
राज्य में बिना किसी हिंसा के शांतिपूर्वक मतदान जारी है। चुनाव आयोग ने राज्य में चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किये हैं।
असम की सभी 126 सीटों के लिए कुल 722 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य में 2.50 से अधिक मतदाताओं के लिए कुल 28,205 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। कुल मतदाताओं में 1.25 करोड़ पुरुष, 1.25 करोड़ से अधिक महिलाएं और 343 उभयलिंगी मतदाता शामिल हैं।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व वाला भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन लगातार तीसरी बार सत्ता में आने का भरसक प्रयास कर रहा है। इसका मुख्य प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के नेतृत्व वाला असम सोनमिलितो मंच (एएसएम) है, जिसके प्रमुख प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई हैं। कांग्रेस पिछले दस वर्षों से अपने गढ़ में सत्ता से बाहर है।
असम विधानसभा चुनाव ने राजनीतिक विश्लेषकों के बीच यह चुनाव विशेष उत्सुकता से भरा है क्योंकि इस राज्य में ताजा परिसीमन के बाद पहला चुनाव हो रहा है।
विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। चुनाव मैदान में उतरे प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद गौरव गोगोई, विधानसभा में विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया, अखिल भारतीय संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (एआईयूडीएफ) के प्रमुख बदरुद्दीन अजमल, रायजोर दल के नेता अखिल गोगोई और असम जातीय परिषद अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई हैं।
मतदाता आज सभी उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में बंद कर देंगे।
मतगणना चार मई को होगी और उसी दिन परिणाम आ जायेंगे।
