सिंगरौली: नगर पालिका निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 44 स्थित खैरहवा बस्ती में शनिवार को सड़क धंसने की घटना सामने आई, जिससे क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए शीघ्र सुधार कार्य की आवश्यकता बताई हैजानकारी के अनुसार संबंधित सड़क का निर्माण लगभग ढाई से तीन वर्ष पूर्व हुआ था। प्रारंभिक समय में सड़क की स्थिति सामान्य रही, लेकिन धीरे-धीरे इसमें दरारें दिखाई देने लगीं।
हाल के दिनों में सड़क का कुछ हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।स्थानीय निवासियों के मुताबिक क्षेत्र में पूर्व में सीवर लाइन से जुड़े कार्य भी किए गए थे। इसके बाद सड़क की स्थिति में बदलाव देखने को मिला। शनिवार को एक वाहन के गुजरने के दौरान सड़क कई स्थानों पर धंस गई, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। साथ ही उन्होंने शहर के अन्य स्थानों पर भी ऐसी स्थिति की जांच कराने की बात कही है।
