इंदौर: देवी अहिल्याबाई होल्कर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को आज रविवार को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है. एयरपोर्ट के नवीनीकृत टर्मिनल-1 का रविवार को केंद्रीय उड्डयन मंत्री किंज रापु राममोहन नायडू द्वारा वर्चुअल लोकार्पण किया जाएगा.करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस नवीनीकृत टर्मिनल के शुरू होने से एयरपोर्ट की सालाना यात्री क्षमता 50 लाख हो जाएगी. यह टर्मिनल एयरपोर्ट की हेरिटेज बिल्डिंग में विकसित किया गया है. केंद्रीय उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू 11 बजे वर्चुअली उद्घाटन करेंगे.
मुख्यमंत्री को समय से पहले बुलाने का प्रयास किया गया है ताकि नायडू से वर्चुअल बातचीत स्वयं मुख्यमंत्री कर सकें. कार्यक्रम टर्मिनल-1 के बाहर आयोजित किया गया है, जिसमें शहर के बुद्धिजीवियों को आमंत्रित किया गया है. इस अवसर पर सांसद लालवानी, एयरपोर्ट डायरेक्टर सुनील मांगीरवार और सलाहकार समिति के सदस्य भी परिसर में उपस्थित रहेंगे.
कई आधुनिक सुविधाएं भी
नए टी-1 टर्मिनल में यात्रियों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं शुरू की गई है. इसमें उड़ान कैफे, फ्री वाई-फाई, फ्लाइब्रेरी (बुक रीडिंग स्पेस), अवसर स्टॉल है. वेटिंग एरिया में 200 अतिरिक्त सीटें जोड़ी गई हैं. पीक टाइम में बैठने की समस्या से राहत मिलेगी. टर्मिनल संचालन और अधिक व्यवस्थित होगा.
उड़ानों का दबाव होगा कम
टी-1 टर्मिनल से 72 सीटर यू एटीआर विमान संचालित होंगे. वर्तमान में रोज़ाना लगभग 100 उड़ानों का संचालन होता है. इनमें से एटीआर उड़ानों को टी-1 पर शिफ्ट किया जाएगा. इससे मुख्य टर्मिनल टी 2पर दबाव कम होगा. नए टर्मिनल-1 के शुरू होने से इंदौर एयरपोर्ट न सिर्फ अधिक यात्रियों को संभाल पाएगा, बल्कि यात्रियों को बेहतर, सुविधाजनक और आधुनिक अनुभव भी मिलेगा.
