
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने समानता, नारी सशक्तिकरण और शिक्षित समाज की प्रेरणा स्रोत माता रमाबाई आंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश जारी करते हुए कहा कि माता रमाबाई आंबेडकर ने असमानता, भेदभाव और छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ दृढ़ता से संघर्ष किया और समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में बताया कि आज 7 फरवरी से गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च निर्धारित की गई है। अन्नदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश भर में 3186 पंजीयन केंद्र बनाए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक किसान आसानी से पंजीयन करा सकें।
