बुधनी। ग्राम पंचायत होलीपुरा अंतर्गत ग्राम जलाखेड़ा में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया, जब तेज हवा और हल्की बारिश के बीच कड़कड़ाती आसमानी बिजली हनुमान मंदिर के शिखर पर जा गिरी. बिजली गिरने से मंदिर का शिखर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. गनीमत रही कि मंदिर परिसर में मौजूद ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे सुरक्षित बच गए.
ग्रामीणों के अनुसार हनुमान मंदिर परिसर में गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है. प्रतिदिन की तरह रविवार रात भी आरती की तैयारी चल रही थी. इसी दौरान मौसम बदला और हल्की बारिश के साथ तेज हवा व आंधी चलने लगी. तभी जोरदार कड़कड़ाहट के साथ आसमानी बिजली मंदिर के शिखर पर गिरी. तेज आवाज सुनकर मंदिर परिसर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो शिखर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त देखकर हैरान रह गए. ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर का निर्माण कार्य अभी चल रहा है और हाल ही में शिखर का निर्माण कराया गया था.
इस घटना को लेकर ग्रामीणों में श्रद्धा का भाव देखने को मिला. ग्रामवासी रूपसिंह ओझा ने कहा कि जिस समय बिजली मंदिर पर गिरी, उस वक्त मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. इसके बावजूद किसी के साथ अनहोनी नहीं हुई. ग्रामीण इसे बजरंग बली हनुमान की कृपा और चमत्कार मान रहे हैं. सरपंच कमल सिंह ओझा ने घटना की सूचना तहसील कार्यालय को दी. तहसीलदार राकेश खजूरिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पटवारी को मौके पर पहुंचकर मुआयना करने के निर्देश दिए हैं.
