पाकिस्तान की महिला टीम ने बंगलादेश को हराकर एशियाई खेलों की क्रिकेट प्रतियोगिता का कांस्य पदक जीता

निशिन, (जापान) 22 सितंबर (वार्ता) कप्तान फातिमा सना ( 45 रन/ एक विकेट) के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान की महिला टीम ने मंगलवार को बंगलादेश को 31 रनों से हराकर एशियाई खेलों की क्रिकेट प्रतियोगिता का कांस्य पदक जीता। पाकिस्तान के 145 रनों के जवाब में बंगलादेश की टीम निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 114 रन ही बना सकी और मुकाबला 31 रनों से हार गई। बंगलादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 20 रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट गवां दिये। जुयैरिया फिरदौस (चार), दिलारा अख्तर (12) और शोभना मोस्तारी (दो) रन बनाकर आउट हुई। ऐसे संकट के समय कप्तान निगार सुल्ताना और शर्मीन अख्तर ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 47 रन जोड़े। 14वें ओवर में आएशा जफर ने निगार सुल्ताना (25) रन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद बंगलादेश के बल्लेबाज पाकिस्तानी गेंदबाजी आक्रमण के आगे बेबस नजर आये। हालांकि शर्मीन अख्तर एक छोर थामे खड़ी। उन्होंनें 46 गेंदों में चार चौकों की मदद से (नाबाद 46 ) रन बनाये। नाहिदा अख्तर (10) रन बनाकर नाबाद रही।

पाकिस्तान की ओर से उम्म-ए-हानी ने तीन विकेट लिये। तसमीया रबाब, फातिमा सना, नश्रा संधू और आएशा जफर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां तीसरे स्थान के लिये खेले गये मुकाबले में पाकिस्तान की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। शवाल ज़ुलफिकार और गुल फरोजा की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 46 रन जोड़कर पाकिस्तान को अच्छी शुरुआत दिलाई। सातवें ओवर में नाहिदा अख्तर ने गुल फिरोजा को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। गुल फिरोजा ने 23 गेंदों में छह चौकों की मदद से (31) रन बनाये। अगले ही ओवर में सायरा जबीन (पांच) रन को शोरना अख्तर ने अपना शिकार बना लिया। 10वें ओवर में शवाल ज़ुलफ़िकार (17) को भी शोरना अख्तर ने आउट किया। आएशा जफर (नौ) और ऐमन फ़ातिमा (शून्य) पर आउट हुई। एक समय पाकिस्तान ने 67 रन पर अपने पांच विकेट गवां दिये थे। ऐसे संकट के समय फातिमा सना और आलिया रियाज की जोड़ी ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच छठे विकेट लिए 67 रनों की साझेदारी हुई। 19वें ओवर में रितु मोनी ने आलिया रियाज (25) को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। 20वें ओवर में नाहिद अख्तर ने फातिमा सना को भी आउट कर पवेलियन भेज दिया। फातिमा सना ने 30 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए (45) रनों की पारी खेली। पाकिस्तान ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 145 रनों का स्कोर खड़ा किया।

बंगलादेश की ओर से नाहिदा अख्तर, शोरना अख्तर और ऋतु मोनी ने दो-दो विकेट लिये। संजीदा अख्तर मेघला ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

5 रुपए के टोकन के बहाने जुटाई बैंक डिटेल, तीन खातों से 3.96 लाख निकाले

Tue Sep 22 , 2026
इंदौर.:ऑनलाइन डॉक्टर का संपर्क नंबर तलाशते समय एक महिला साइबर ठगों के जाल में फंस गई. फर्जी नंबर पर संपर्क के बाद ठगों ने अस्पताल में अपॉइंटमेंट दिलाने का भरोसा दिया और पांच रुपए के भुगतान की प्रक्रिया बताकर महिला से बैंक खातों की जानकारी हासिल कर ली. दिन बाद […]

You May Like