मुम्बई, 09 नवंबर (वार्ता) मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने सोमवार को घोषणा की कि भारत को टी-20 विश्व कप जिताने वाले सूर्यकुमार यादव सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में मुंबई की कप्तानी करेंगे।
सूर्यकुमार आखिरी बार आईपीएल 2026 में प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलते नजर आए थे। इस साल की शुरुआत में टीम को टी-20 विश्व कप जिताने के बावजूद, खराब फॉर्म के कारण उन्हें राष्ट्रीय टीम से बाहर कर दिया गया था।
कप्तान बनाए जाने के बाद सूर्यकुमार ने कहा, “मुंबई का प्रतिनिधित्व करना हमेशा बहुत गर्व की बात होती है। हमारी टीम में अनुभवी खिलाड़ियों और शानदार युवा प्रतिभाओं का अच्छा मिश्रण है। मुझे पूरा भरोसा है कि पूरी टीम एकजुट होकर, पूरे जोश के साथ खेलेगी और हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देगी। हमारा लक्ष्य टूर्नामेंट जीतना और ट्रॉफी घर लाना है।”
मुंबई की टीम में टी-20 के नियमित खिलाड़ी शिवम दुबे के साथ-साथ अंगकृष रघुवंशी, सरफराज खान, शार्दुल ठाकुर और तुषार देशपांडे जैसे खिलाड़ी भी शामिल होंगे। सिद्धेश लाड, जिन्होंने इस सीजन में रणजी ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी की थी, उन्हें टी-20 टीम में जगह नहीं मिली है।
मुंबई अपने अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को हैदराबाद के खिलाफ करेगी।
टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), दिव्यांश सक्सेना, सुवेद पारकर, मुशीर खान, सरफराज खान, साईराज पाटिल, शिवम दुबे, अथर्व अंकोलेकर, शार्दुल ठाकुर, तुषार देशपांडे, शम्स मुलानी, मैक्सवेल स्वामीनाथन, मोहित अवस्थी, सिल्वेस्टर डिसूजा और हार्दिक तमोरे (विकेटकीपर)
