भानपुरा पुलिस ने 62 लाख की ब्राउन शुगर और डोडाचूरा किया जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

मंदसौर। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान के तहत मंदसौर जिले की भानपुरा पुलिस को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने भैसोदामंडी तालाब के पास आम रोड पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 310 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) और 5 किलो 400 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। जब्त ब्राउन शुगर की कीमत करीब 62 लाख रुपए बताई गई है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक होंडा साइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर को पुलिस चौकी भैसोदामंडी प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेश यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भैसोदामंडी तालाब के पास आम रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 310 ग्राम ब्राउन शुगर, जिसकी कीमत करीब 62 लाख रुपए तथा 5 किलो 400 ग्राम डोडाचूरा, जिसकी कीमत 11 हजार रुपए आंकी गई है, बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से आरोपी कालू सिंह (43) पिता मांगीलाल उर्फ मांगू सिंह, निवासी ग्राम सुराखेड़ी, थाना गरोठ, जिला मंदसौर को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 21 एवं 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक MP14 ZD6535, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपए है, भी जब्त की है।

मादक पदार्थों के स्रोत की तलाश

पुलिस द्वारा जब्त मादक पदार्थों के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ एवं अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लाया था और इसकी सप्लाई किन लोगों को की जानी थी।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामसनेही मिश्रा एवं एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भानपुरा उप निरीक्षक विनय बुंदेला और चौकी प्रभारी भैसोदामंडी उप निरीक्षक धर्मेश यादव के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक सूर्यपाल मेंडा, आरक्षक जितेंद्र कोठे एवं आरक्षक बहादुर भुरिया का सराहनीय योगदान रहा।

Next Post

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की तत्परता से बची मासूम की जान, गले में फंसा सिक्का महज 5 मिनट में निकाला गया

Mon Nov 9 , 2026
सीधी। जनसेवा के प्रति संवेदनशीलता और त्वरित सक्रियता का परिचय देते हुए सीधी लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने एक मासूम बच्चे की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तीन वर्षीय प्रियांश साकेत के गले में सिक्का फंस जाने से उसकी स्थिति गंभीर हो गई थी। घटना की […]

You May Like

Play sound