
भोपाल। कांग्रेस नेता आशीष तिवारी ने बढ़ती महंगाई और खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि खाद्य तेल, शक्कर, दाल और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों से आम परिवारों का घरेलू बजट बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
तिवारी ने कहा कि महंगाई से परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है, वहीं मिलावटी खाद्य पदार्थ लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। उन्होंने सरकार से त्योहारों के दौरान केवल दिखावटी कार्रवाई के बजाय मिलावट के स्रोत, आपूर्ति नेटवर्क तथा ऐसे नेटवर्क को संचालित या संरक्षण देने वालों तक पहुंचने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के दौरान खाद्य मिलावट के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान चलाया गया था। उन्होंने सरकार से इसी तरह दृढ़ता के साथ कार्रवाई करने का आग्रह किया।
तिवारी ने आवश्यक वस्तुओं की कीमतों की प्रभावी निगरानी, खाद्य सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, पारदर्शी जांच और दोषियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
