हैदराबाद, (वार्ता) बांग्लादेशी गोल्फर जमाल हुसैन ने हैदराबाद गोल्फ एसोसिएशन (एचजीए) में खेले जा रहे 1 करोड़ रुपये के इवेंट, एनएसएल लक्स प्रेज़ेंट्स तेलंगाना गोलकोंडा मास्टर्स 2025 के दूसरे राउंड में बुधवार को आठ अंडर 62 के शानदार स्कोर के साथ अपनी बढ़त को तीन शॉट तक बढ़ा दिया।
पहले राउंड में एक शॉट से आगे चल रहे जमाल (61-62), जो अब तक टूर्नामेंट में बोगी-मुक्त रहे हैं, ने अपना कुल स्कोर 17 अंडर 123 तक पहुंचाया ।
चंडीगढ़ के अक्षय शर्मा (62-64) ने 64 का स्कोर बनाया और लगातार दूसरे दिन दूसरे स्थान पर बने रहे। अक्षय का कुल स्कोर 14 अंडर 126 रहा।
चंडीगढ़ के एक अन्य खिलाड़ी अंगद चीमा (66-62) ने दिन का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 62 की बराबरी करते हुए 12 अंडर 128 के साथ तीसरे स्थान पर दिन का अंत किया, जो शीर्ष पर चल रहे जमाल ने ही बनाया था।
चंडीमंदिर के चंद्रजीत यादव ने पीजीटीआई के पार-4 में पहली बार होल-इन-वन बनाकर इतिहास रच दिया। चंद्रजीत की ड्राइव 369 गज लंबे पार-4 के 14वें होल पर पहुंच गई। यादव ने 71 का स्कोर बनाया और कुल स्कोर वन-ओवर 141 रहा, लेकिन वह एक शॉट से कट से चूक गए।
कट इवन-पार 140 पर गिरा। 55 पेशेवर खिलाड़ी कट में पहुंचे ।
40 वर्षीय जमाल हुसैन, जो दूसरे दिन 10वें टी से शुरुआत कर रहे थे, ने पहले राउंड की तरह ही प्रदर्शन जारी रखा और बैक-नाइन पर दो बर्डी और एक ईगल हासिल किया। पार-4 के 15वें होल पर जमाल का ईगल-टू तब आया जब उनका टी शॉट फ्लैगस्टिक से टकराकर होल के पास गिरा। पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट में 14वें स्थान पर काबिज जमाल ने अपनी शानदार चिपिंग और पटिंग की बदौलत फ्रंट-नाइन होल पर चार और बर्डी लगाईं।
अक्षय शर्मा का भी दिन त्रुटिरहित रहा। उन्होंने आगे के नौ होल में दो और पीछे के नौ होल में चार बर्डी हासिल कीं। जमाल की तरह, उन्होंने पार-4 के 15वें ग्रीन पर ड्राइव किया, जिससे उन्हें बर्डी मिली। अक्षय ने कुछ बेहतरीन चिपिंग और पटिंग भी दिखाई, जो ग्रीन से चूकने पर उनके काम आई।
दिल्ली के अर्जुन प्रसाद, जो वर्तमान में पीजीटीआई की मेरिट सूची में दूसरे स्थान पर हैं, ने 65 का स्कोर बनाया और छह अंडर 134 के स्कोर के साथ संयुक्त आठवें स्थान पर रहे।
हैदराबाद के पेशेवर खिलाड़ी मोहम्मद अजहर (68) और विशेष शर्मा (70) दो अंडर 138 के स्कोर के साथ संयुक्त 35वें स्थान पर रहे।
