एयर इंडिया को डिजिटल लीडरशिप के लिए ‘एयरलाइन स्ट्रैटेजी अवॉर्ड’

नयी दिल्ली, 20 जुलाई (वार्ता) देश की अग्रणी विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया को फ्लाइटग्लोबल ने ‘एयरलाइन स्ट्रैटेजी अवॉर्ड फॉर डिजिटल लीडरशिप’ से सम्मानित किया है। फ्लाइटग्लोबल विमानन एवं एयरोस्पेस उद्योग की प्रतिष्ठित ब्रिटेन-आधारित समाचार एवं डेटा संस्था है। यह पुरस्कार एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन तथा मुख्य डिजिटल एवं प्रौद्योगिकी अधिकारी सत्य रामास्वामी ने लंदन में आयोजित एक समारोह में प्राप्त किया। कार्यक्रम का आयोजन फ्लाइटग्लोबल ने प्रबंधन परामर्श कंपनी कॉर्न फेरी के सहयोग से किया था।

टाटा समूह की कंपनी एयर इंडिया ने सोमवार को बताया कि एयरलाइन स्ट्रैटेजी अवॉर्ड विमानन क्षेत्र के सबसे प्रतिष्ठित वार्षिक पुरस्कारों में से एक माना जाता है। यह विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट नेतृत्व और उपलब्धियों को सम्मानित करता है। पुरस्कार विजेताओं का चयन उद्योग विश्लेषकों, सलाहकारों और पूर्व एयरलाइन अधिकारियों सहित स्वतंत्र विशेषज्ञों के पैनल द्वारा किया जाता है। इस वर्ष इस पुरस्कार की एकमात्र विजेता एयर इंडिया रही। पिछले साल यूनाइटेड एयरलाइंस और रेयांग एयर ने सम्मान हासिल किया था।

श्री विल्सन ने फ्लाइटग्लोबल से मिले इस पुरस्कार को गर्व की बात करार देते हुए कहा, “यह सम्मान टाटा समूह में वापसी के बाद एयर इंडिया द्वारा हासिल की गयी प्रगति का प्रमाण है और हमारे परिवर्तन अभियान को आगे बढ़ाने वाले सभी कर्मचारियों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हमारी डिजिटल पहलें ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने, कर्मचारियों को सशक्त बनाने और परिचालन उत्कृष्टता हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विमानन उद्योग की सबसे सम्मानित संस्थाओं में से एक द्वारा हमारी डिजिटल यात्रा के पैमाने, गति और प्रभाव को मान्यता मिलना हम सभी के लिए गर्व का क्षण है। इससे हमारा यह विश्वास और मजबूत होता है कि तकनीक एयर इंडिया को विश्वस्तरीय वैश्विक एयरलाइन बनाने की हमारी महत्वाकांक्षा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी।”

श्री रामास्वामी ने कहा, “आज डिजिटल तकनीकें, विशेष रूप से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), किसी भी एयरलाइन की परिचालन प्रणाली का अभिन्न और महत्वपूर्ण आधार बन चुकी हैं। टाटा समूह में वापसी के समय एयर इंडिया के पास केवल कुछ ही तकनीकी प्रणालियां थीं, लेकिन आज हमने 140 से अधिक आधुनिक डिजिटल प्रणालियों का व्यापक नेटवर्क तैयार कर लिया है। हमारे यात्री आज हमारी पुरस्कार विजेता मोबाइल ऐप सहित विश्वस्तरीय डिजिटल सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। वहीं कर्मचारियों को भी आधुनिक एंटरप्राइज सिस्टम और उपयोगकर्ता-अनुकूल इंटरफेस उपलब्ध कराये गये हैं। हमें खुशी है कि वैश्विक विमानन जगत की प्रतिष्ठित संस्था फ्लाइटग्लोबल ने एयर इंडिया के इस डिजिटल परिवर्तन की गति और व्यापकता को ‘डिजिटल लीडरशिप’ पुरस्कार से सम्मानित किया है।”

.....

Next Post

उत्खनित कोयले, लिग्नाइट के गैसीकरण की प्रोत्साहन योजना के लिए आवेदन-पूर्व सम्मेलन में उद्योग जगत की उत्साहजनक भागीदारी

Mon Jul 20 , 2026
नई दिल्ली, 20 जुलाई (वार्ता) कोयल मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि खानों से निकले कोयले और लिग्नाइट से गैस बनाने की परियोजनाओं को बढ़ावा देने की 37,500 करोड़ रुपये की योजना के लिए आयोजित ओवेदन-पूर्व सम्मेलन में संभावित निवेशकों की भागीदारी उत्साहजनक रही है। मंत्रालय की एक विज्ञप्ति में […]

You May Like