नीट पेपर लीक और 23 सूत्रीय मांगों को लेकर छात्रों का आंदोलन 21वें दिन भी जारी

इंदौर:नीट पेपर लीक मामले, परीक्षा प्रणाली में सुधार और युवाओं की 23 सूत्रीय मांगों को लेकर इंदौर के भंवरकुआं टंट्या भील चौराहे पर छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को 21वें दिन भी जारी रहा. लगातार धरने पर बैठे छात्र विपरीत परिस्थितियों के बावजूद आंदोलन से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं. आंदोलन को और तेज करने के लिए छात्रों ने क्रमिक भूख हड़ताल भी शुरू कर दी है.

लगातार कई दिनों से सड़क पर डटे रहने और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण कुछ प्रदर्शनकारी छात्रों की तबीयत भी बिगड़ गई. इसके बावजूद आंदोलन स्थल पर छात्रों की मौजूदगी बनी रही और उन्होंने अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. आंदोलन को अब विभिन्न सामाजिक संगठनों, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं का भी समर्थन मिलने लगा है.

सोमवार को भी कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि भंवरकुआं पहुंचे और छात्रों के आंदोलन को समर्थन देते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शनकारी छात्रों की प्रमुख मांगों में नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी एनटीए की जवाबदेही तय करना, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, पटवारी एवं शिक्षक भर्ती परीक्षाओं में कथित विसंगतियों को दूर करना तथा सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की रिहाई शामिल है.

ठोस निर्णय तक जारी रहेगा धरना
आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द कोई निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को प्रदेश स्तर तक विस्तार देते हुए भोपाल में महाआंदोलन किया जाएगा. छात्रों का कहना है कि उनका आंदोलन केवल नीट पेपर लीक तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की पूरी परीक्षा और भर्ती प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की मांग को लेकर चलाया जा रहा है.

Next Post

मध्यस्थों ने अमेरिका और ईरान के सामने युद्धविराम का प्रस्ताव रखा

Tue Jul 21 , 2026
वाशिंगटन 21 जुलाई (वार्ता) कतर, मिस्र, पाकिस्तान और क्षेत्र के अन्य मध्यस्थों ने अमेरिका और ईरान के सामने दस दिन के युद्धविराम का प्रस्ताव रखा है। एक्सियोस ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी। सोमवार रात प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन इस प्रस्ताव की […]

You May Like