
सिंगरौली । जिले के गढ़वा थाना अंतर्गत बगदरा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम लहासी टोला में खेत के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पारिवारिक विवाद में एक 31 वर्षीय युवक की कथित रूप से लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
बगदरा पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक महुयाहे सिंह गोंड़ शुक्रवार की रात करीब 8 बजे घर पहुंचा और अपने पिता भगवान सिंह गोंड़ से खेत जोतवाने को लेकर विवाद करने लगा। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पिता और पुत्र के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान मृतक के भाई संतोष सिंह गोंड़ ने लकड़ी के नगरा (डंडे) से उसके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। मृतक की पत्नी ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पिता ने मृतक की गर्दन पकड़कर दबोच लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव के लिए उसकी पत्नी सोनवती सिंह गोंड़ और मॉ मौके पर पहुंचीं और किसी तरह विवाद शांत कराया। घायल महुयाहे सिंह गोंड़ को रात में अस्पताल नहीं ले जाया जा सका। पत्नी के अनुसार रातभर उसकी हालत बिगड़ती रही, उसे कई बार उल्टियां हुईं और आज शनिवार की सुबह करीब 8 बजे उसकी मौत हो गई। इसके बाद पत्नी ने बगदरा पुलिस चौकी पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 296(ए), 351 (2), 103 (1) एवं 3 (5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। इस अपराध में मुख्य रूप से आरोपी भगवान सिंह गोड़ एवं संतोष सिंह गोड़ को बनाया गया है। पुलिस ने संदेहियों से पूछतांछ कर रही है। इधर इस घटना से गांव में सनाका पसरा हुआ है।
पुलिस ने प्रथम दृष्टया में माना हत्या
घटना की जानकारी मिलते ही बगदरा पुलिस चौकी प्रभारी बीपी कोल ने हमराह के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मृतक के पिता भगवान सिंह गोंड़ और भाई संतोष सिंह गोंड़ संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछतांछ की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद उक्त कृत्य से मृतक के नाथ-रिश्तेदार एवं परिवारजनों में नाराजगी है। हालांकि चौकी प्रभारी ने मृतक के पत्नी को समझाइस देते हुये आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। चौकी प्रभारी ने घटना की पुष्टि की है।
इनका कहना:-
बगदरा चौकी के लहासी टोला में एक युवक महुयाहे सिंह गोड़ का, उसी के पिता भगवान सिंह एवं भाई संतोष सिंह गोड़ ने डंडे से मारपीट कर हत्या कर दिया। सूचना पर चौकी पुलिस मौके से पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल कर रही है।
विद्यावारिधि तिवारी
थाना प्रभारी निरीक्षक, गढ़वा
