ढाका, 1 जुलाई (वार्ता) बंगलादेश में इस साल डेंगू के 10,000 से अधिक मामले सामने आये है जिसमें 42 व्यक्तियों की मौत हो गयी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के तहत स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) द्वारा सोमवार को बताए गए आंकड़ों के मुताबिक जून में डेंगू के मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
इस साल जून में डेंगू के 5,951 नए मामले दर्ज किए गए। मई महीने में 1,773 लोगों के इस वायरल रोग से संक्रमित हुए थे। इस साल अब तक डेंगू के मामलों की संख्या बढ़कर 10,296 हो गई है। आंकड़ों के अनुसार कल स्थानीय समयानुसार सुबह 8:00 बजे तक 24 घंटे में राजधानी ढाका में डेंगू के 87 सहित कुल 429 नए मामले सामने आए।
डीजीएचएस ने कहा कि जून में डेंगू से 19 व्यक्तियों की मृत्यु हुई जबकि मई में तीन, अप्रैल में सात, फरवरी में तीन और जनवरी में 10 व्यक्ति इसके कारण मौत का शिकार बने थे।
इस वर्ष 1 जनवरी से 30 जून तक देश भर के विभिन्न अस्पतालों में उपचार के बाद कुल 9,087 डेंगू रोगी सकुशल घर लौटे। जून-सितंबर मानसून अवधि बंगलादेश में डेंगू बुखार का मौसम है जो मच्छर जनित बीमारियों के लिए एक उच्च जोखिम वाला देश है।
