इंदौर: कल इंदौर के राजबाड़ा परिसर में मंत्रिमंडल बैठक होगी. बैठक में शामिल होने के लिए ज्यादातर मंत्री शाम तक इंदौर पहुंच जाएंगे. वहीं मंत्रिमंडल की बैठक को लेकर आज मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने तैयारियों का जायजा लिया. यह दरबार आजादी के बाद पहली बार लगाया जा रहा है. अहिल्या माता के न्याय और विकास को दृष्टिगत रखते हुए राजबाड़ा में मंत्रीमंडल की बैठक बुलाई है.
सोमवार को लता मंगेशकर ऑडिटोरियम में मंत्रीमंडल के सदस्य को अहिल्या बाई की सांस्कृतिक विरासत से परिचय के लिए नाटक की प्रस्तुति होगी. इसके बाद महापौर द्वारा पूरे मंत्रीमंडल को सराफा चाट चौपाटी की सैर और विभिन्न व्यंजनों का स्वाद करवाया जाएगा. कल होने वाली मंत्रीमंडल की बैठक में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को मंजूरी दी जा सकती हैं.
उसमें इंदौर और भोपाल मेट्रोपोलिटियन प्लान का प्रस्ताव पारित होने की संभावना है. बैठक के बाद मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्य शहर की विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण करने जाएंगे. उसमें मैट्रो रेल प्रोजेक्ट, हुकुमचंद मिल और नगर निगम के डिजिटलाइजेशन कार्य का अवलोकन करेंगे.
मंत्री विजयवर्गीय और महापौर ने किया निरीक्षण
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट और महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने 20 मई को होने वाली मंत्रीमंडल बैठक को लेकर राजबाड़ा और आस पास के क्षेत्र का निरीक्षण किया. इस दौरान मंत्री ने प्रशासन के अधिकारियों से तैयारियों के संदर्भ में चर्चा की और व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए.
