
सिंगरौली । जिला मुख्यालय बैढ़न के प्रमुख बाजार और व्यस्त मार्गों पर सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों से बिगड़ रही यातायात व्यवस्था को लेकर यातायात पुलिस ने आज रविवार को विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अव्यवस्थित पार्किंग करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसते हुए 26 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही सड़क और सार्वजनिक मार्गों पर खड़े वाहनों को व्यवस्थित कराया गया। यातायात पुलिस ने कॉलेज तिराहा से टॉकीज तक, तुलसी मार्ग, सराफा तिराहा, बस स्टैंड और अंबेडकर चौराहा-बाजार क्षेत्र में कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सड़क किनारे और सार्वजनिक मार्गों पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को हटवाकर चालकों को निर्धारित एवं सुरक्षित स्थान पर वाहन खड़ा करने की समझाइश दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि गलत पार्किंग से सड़क पर आवागमन बाधित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बढ़ती है। नियमों की अनदेखी करने वाले 26 वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार चालान काटे गए। कार्रवाई में यातायात थाने के सूबेदार आशीष तिवारी, सउनि सुरेश शुक्ला, संतोष साकेत, आर प्रवेश,गणेश, रामनरेश सहित पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस ने वाहन चालकों और नागरिकों से अपील की है कि सड़क को पार्किंग स्थल न बनाएं और निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़ा करें। यातायात पुलिस ने व्यवस्था सुधारने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही है।
