
कटनी। जिले के बरही तहसील में पदस्थ पटवारी यादवेन्द्र सिंह के द्धारा काम के बदले रिश्वत की मांग करने की दो अलग-अलग शिकायत मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर दिलीप कुमार यादव से की गई। शिकायतकर्ताओं ने शिकायतों की जांच कराते हुए पटवारी पर कार्रवाई की मांग की है। पहली शिकायत ग्राम पंचायत सलैया सिहोरा के ग्राम केवलारी निवासी दो सगे भाई सत्येन्द्र सिंह व योगेन्द्र सिंह पिता उदयभान सिंह द्धारा की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पटवारी हल्का नं-18 ग्राम मुख्यालय सलैया सिहोरा के अंतर्गत अप्रैल 2025 को ग्राम केवलारी स्थित खसरा नं 254/1 रकवा 0.40 हेक्टेयर भूमि नापने के लिए लोकसेवा केन्द्र के माध्यम से सीमांकन आवेदन दिया गया था। जिसके आधार पर अप्रैल 2025 को नापने के लिए न्यायालय तहसीलदार बरही के आदेशानुसार पटवारी यादवेन्द्र सिंह से 2 मई 2025 को दोनो भाई मिले और पटवारी से उपरोक्त खसरे की भमि नाप के लिए कहा। जिस पर आवेदकों को पटवारी ने यह हिदायत दी गई कि ठीक है आपकी जमीन मे नापकर बता दूंगा, लेकिन मुझे बार बार फोन नहीं करना, क्योंकि मैं अपनी मर्जी अनुसार काम करता हूं। मैं टाईम भी अपने हिसाब से तय करता हूं। नाप करने में टाईम और मेहनत दोनों लगता है। महत्वपूर्ण स्थान पर आपकी यह भूमि है खर्चा तो देना पड़ेगा इसलिए कम से कम दस हजार रूपया आपको मुझे देना पड़ेगा। हमने आरआई के सामने नाप कराने की मांग की तो पटवारी ने कहा कि आरआई को बुलाओगे तो और खर्चा बढ़ जाएगा। पटवारी ने कहा कि पैसों का इंतजाम करके मुझे जब आप दे देंगें तो मैं आपकी जमीन नाप दूंगा। पैसा नहीं दोगे तो मैं अपनी मनमानी से जमीन नापूंगा और 10 आरे जमीन कम भी कर दूंगा। नेतागिरी में नाप कराना चाहते हैं तो असंभव है। पटवारी का कहना था कि न मैं नेताओं की मानता हूं ना ही किसी अधिकारी के कहनें पर कोई काम करता हूं, मैं स्वतंत्र हूं। पटवारी का यह भी कहना था कि चाहे तहसीलदार हो या एसडीएम और चाहे कलेक्टर हो मैं किसी के दबाब में कोई काम नहीं करता। पटवारी ने यह भी कहा कि फ्री में नाप का दबाव बनाना चाहते हों तो फिर रोते रहोगें दस डिस्मिल रकवा घुमाफिराकर बगल बाले की तरफ निकाल दूंगा ध्यान रखना। पटवारी द्वारा 11 जून 2025 की सीमांकन की तारीख भी तय करने की चौहददी के किसानों को सूचना भी देने के बाद भी पटवारी नाप करनें नहीं पहुंचे ना ही कोई जानकारी दी गई। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव से दोनों भाइयों ने शिकायत की जांच कराते हुए पटवारी पर कार्रवाई की मांग की है।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर दिलीप कुमार यादव से एक और शिकायतकर्ता ग्राम केवलारी निवासी राजू यादव पिता अर्जुन यादव भी पहुंचा और उसने भी पटवारी यादवेन्द्र सिंह शिकायत नामांतरण के मामले में घूंस मांगने की करते हुए पटवारी पर कार्रवाई की मांग की। शिकायत में राजू यादव ने बताया कि ग्राम केवलारी में उसने सिघाराज सिंह, हर्षिका सिंह, प्रवीणा सिंह, सीमा सिंह बगैरा से भूमि खरीदी थी। जिसके नामांतरण के लिए हल्का पटवारी यादवेन्द्र सिंह से एक माह पूर्व नामांतरण के लिए बात की गई तो पटवारी हल्का यादवेन्द्र सिंह द्वारा कहा गया कि नामांतरण के लिए 10 हजार रूपए जमा करना होगा तभी नामांतरण हो पाएगा। कुछ समय बाद फोन पर बोला गया कि अगर 5 हजार रूपए की व्यवस्था हो गई हो तो अभी उतना ही जमा कर दो। लगातार परेशान करने और दबाव बनाकर रूपए ले लिए गए। शिकायत में जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।
