फिर से खुले तिघरा जलाशय के सभी 7 गेट, 10 हजार क्यूसेक पानी

ग्वालियर। ग्वालियर शहर की पेयजल आपूर्ति के सबसे बड़े स्त्रोत तिघरा जलाशय के गेट इस साल मंगलवार को फिर से खोले गए। इस साल हो रही अच्छी मानसूनी बारिश से मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की उत्कृष्ट तकनीक से निर्मित तिघरा जलाशय बार-बार लबालब हो रहा है। मंगलवार को सायंकाल लगभग 5 बजे तिघरा जलाशय के 5 गेट खोले गए। इसके डेढ़ घंटे बाद शेष 2 गेट भी खोल दिए गए। इस प्रकार तिघरा के सभी 7 गेट खोलकर पानी निकाला गया। गेट खोलने से पहले लगभग आधा-आधा घंटे के अंतराल से तीन बार सायरन बजाकर तिघरा की डाउन स्ट्रीम में बसे गाँवों को सतर्क किया गया। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम भी निचले इलाके में बसे गाँवों में लगातार लोगों को सतर्क कर रही है। एहितयात बतौर एसडीआरएफ टीम को भी सतर्क कर दिया गया है। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने तिघरा जलाशय पर पिकनिक मनाने के लिए आ रहे पर्यटकों की सुरक्षा का ध्यान रखने के भी निर्देश भी जल संसाधन विभाग एवं स्थानीय पुलिस को दिए हैं।

अनुविभागीय अधिकारी जल संसाधन श्री वीरेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि तिघरा जलाशय में लगातार बढ़ रहे पानी को ध्यान में रखकर मंगलवार को 7 गेट खोलकर लगभग 8 से 10 हजार क्यूसेक पानी निकाला गया है। उन्होंने बताया कि जल स्तर सम होने पर गेट बंद कर दिए जायेंगे। यदि आगे भी जल स्तर बढ़ा तो फिर से गेट खोले जायेंगे। तिघरा जलाशय के गेट खुलने की खबर मिलने पर बड़ी संख्या में शहरवासी तिघरा पहुँचे और घनघोर गर्जना के साथ निकल रहे पानी के रोमांच का आनंद लिया। तिघरा जलाशय भरने से ग्वालियरवासियों में खुशी की लहर है, अब साल भर शहर में निर्वाध रूप से पेयजल आपूर्ति हो सकेगी।

Next Post

बिलपांक पुलिस ने पकड़ी सवा दो लाख की ड्रग

Tue Jul 15 , 2025
रतलाम।पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति जिसने हल्की फिरोजी रंग की टीशर्ट व नीले रंग का लोवर पहना हुआ होकर रंग गोरा एवं दुबला पतला है जिसके पास अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए है जो पुलिस सहायता केन्द्र सातरुण्डा के पास खडा होकर कही जाने वाला है […]

You May Like