इंदौर: विजयनगर स्थित एचडीएफसी बैंक की शाखा में मंगलवार को टी-लॉजिक कंपनी के दो पार्टनरों के बीच विवाद हो गया. बैंक परिसर में दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए बैंक प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज मांगे हैं. प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह कंपनी के बैंक खातों और आपसी लेन-देन से जुड़ी वित्तीय अनबन होने की आशंका जताई जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टी लॉजिक कंपनी के दोनों पार्टनर किसी व्यावसायिक काम से बैंक पहुंचे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई. कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और बैंक परिसर में ही तीखी बहस होने लगी. इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो सामने आने के बाद विजयनगर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाना शुरू की. पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनों के टी-लॉजिक कंपनी में पार्टनर होने की जानकारी सामने आई है.
खातों में लेन-देन को लेकर विवाद की आशंका
पुलिस को आशंका है कि कंपनी के बैंक खातों में लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ. हालांकि, वास्तविक कारण जांच और दोनों पक्षों के बयानों के बाद ही स्पष्ट होगा. एक पक्ष थाने पहुंचकर शिकायत कर चुका है. मामले में थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि बैंक में दो पार्टनरों के बीच विवाद की सूचना मिली है. मामले की वास्तविक स्थिति पता लगाने के लिए बैंक से सीसीटीवी फुटेज मंगवाए गए हैं. फुटेज और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
