रीवा: सिरमौर चौराहा स्थित बृजवासी डेयरी एवं स्वीट्स का लाइसेंस निलंबित करने के साथ ही अग्रिम आदेश तक बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया था. बावजूद इसके दुकान संचालित पाई गई, जिसके बाद खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने कार्यवाही करते हुए दुकान को सील कर दिया है.रक्षा बंधन के त्यौहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन एवं राजस्व की टीम ने शहर के कई जगह छापामार कार्यवाही की थी. सिरमौर चौराहा स्थित बृजवासी स्वीट्स में कार्यवाही के साथ लाइसेंस निलंबित कर दिया गया था और खाद्य पदार्थो का नमूना लिया गया था. पूर्व में प्रतिष्ठान पर 25 हजार रूपये का जुर्माना लगाया गया था जो जमा नही किया गया था.
प्रतिष्ठान में अनियमितताएं मिलने पर तत्काल लाइसेंस निलंबित कर दिया गया था. साथ ही संचालक को दुकान से अग्रिम आदेश तक बिक्री करने पर रोक लगाई गई थी. यह कार्यवाही एसडीएम अनुराग तिवारी की मौजूदगी में की गई थी. खाद्य सुरक्षा अधिकारी अम्बरीश दुबे ने बताया कि लाइसेंस निलंबित होने और प्रतिबंध के बाद भी मंगलवार को दुकान का संचालन होता पाया गया. पूर्व में लगाया गया जुर्माना भी संचालक द्वारा जमा नही किया गया है. दुकान संचालित पाए जाने पर अग्रिम आदेश तक दुकान सील कर दी गई है.
