जबलपुर: अधारताल थाना अंतर्गत रिछाई वेयर हाउस और रेलवे पुल के पास शातिर बदमाशों ने दम्पति को अपना निशाना बनाया। लुटेरों ने पहले युवक से मोबाइल छीना और जब पत्नी अपने पति को बचाने आगे आई, तो बदमाशों ने उसके गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया। इस दौरान हुई हाथापाई में महिला को चोटें आई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुमेर सिंह लोधी (30) अधारताल स्थित प्रदीप मेटल कंपनी में कार्यरत हैं। वह अपनी पत्नी रश्मि लोधी के साथ रिछाई वेयर हाउस के पास रहते हैं।
सुबह लगभग 6:30 बजे सुमेर अपनी पत्नी के साथ पैदल ही रेलवे पुल के पास से होकर कंपनी की तरफ जा रहे थे, तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे दो अज्ञात लड़कों ने उन्हें रोक लिया। अचानक एक बदमाश ने सुमेर सिंह के हाथ से मोबाइल छीना और भागने लगा। पति को मुसीबत में देख पत्नी रश्मि लोधी बिना डरे बदमाशों से भिड़ गई और पति को बचाने का प्रयास करने लगी। इस पर दूसरे बदमाश ने रश्मि के गले में पहना सोने का मंगलसूत्र झपट लिया। जब रश्मि ने इसका विरोध किया, तो लुटेरे ने उसके साथ जमकर हाथापाई की, जिससे रश्मि की गर्दन पर चोट आ गई। वारदात को अंजाम देकर दोनों आरोपी पलक झपकते ही मौके से फरार हो गए।
