अहमदाबाद (वार्ता) गुजरात के अहमदाबाद में एका एरेना ट्रांसस्टेडिया में 22 से 30 नवंबर 2025 तक एएफसी अंडर-17 एशियन कप 2026 क्वालीफायर ग्रुप डी में भारत, ईरान, फिलिस्तीन, लेबनान और चीनी ताइपे की अंडर-17 टीमों के बीच मुकाबले होंगे।
इसी टूर्नामेंट की मेजबानी के साथ ही अहमदाबाद चीन, थाईलैंड, जॉर्डन और वियतनाम जैसे वैश्विक खेल स्थलों की सूची में शामिल हो गया है। अहमदाबाद में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल लाने में खेल बुनियादी ढांचे को विकसित करने और जमीनी स्तर पर फुटबॉल को बढ़ावा देने के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस प्रतियोगिता में भारत, ईरान, फिलिस्तीन, लेबनान और चीनी ताइपे की अंडर-17 टीमों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे। जिसमें 22, 24, 26, 28 और 30 तारीख को प्रतिदिन दो मैच शाम 4:30 बजे और शाम 7:30 बजे खेले जायेंगे।
इस अवसर पर जी.एस.एफ.ए. के अध्यक्ष परिमल नथवानी ने कहा, “इस उच्च स्तर के अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेज़बानी करना गुजरात के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। अहमदाबाद ने प्रमुख खेल आयोजनों के लिए खुद को एक सक्षम मेजबान साबित किया है, और अब फुटबॉल की बारी है। ए.एफ.सी. अंडर-17 क्वालीफ़ायर हमारे राज्य और राष्ट्र के अनगिनत युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा।”
