
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना से प्रभावित आदिवासी परिवारों और किसानों की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोमवार को पन्ना जिले के विश्रामगंज और बालूपुर गांवों के दौरे के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावित परिवारों को न तो उचित मुआवजा दिया जा रहा है और न ही सम्मानजनक पुनर्वास की व्यवस्था की गई है।
प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात के बाद पटवारी ने कहा कि कांग्रेस उनके अधिकार, सम्मान और न्याय की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस नेता राहुल गांधी का संदेश लेकर प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे हैं, जो आदिवासियों, किसानों और कमजोर वर्गों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।
पटवारी ने अधिकारियों से विस्थापित परिवारों की संख्या, वितरित मुआवजे और पुनर्वास योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मांग की कि परिवारों में रहने वाले वयस्क पुत्रों को अलग परिवार मानकर मुआवजा और पुनर्वास का लाभ दिया जाए।
मुआवजा पैकेज पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार आवास के लिए मात्र एक लाख रुपये दे रही है, जबकि क्षेत्र में जमीन की कीमतें इतनी अधिक हैं कि इस राशि में छोटा भूखंड भी खरीदना संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आदिवासी जमीनों का अधिग्रहण बेहद कम कीमत पर कर रही है, जबकि भूमि अधिग्रहण नीति में चार गुना मुआवजे का वादा किया गया था।
किसानों की स्थिति पर चिंता जताते हुए पटवारी ने कहा कि प्रदेश के गेहूं उत्पादकों को 2,000 से 2,300 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर उपज बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रभावित परिवारों को न्यायपूर्ण मुआवजा और सम्मानजनक पुनर्वास नहीं मिला तो कांग्रेस प्रदेशव्यापी आंदोलन, चक्काजाम और सड़क अवरोध प्रदर्शन शुरू करेगी।
