इंदौर: प्रदेश में इंडिगो की उड़ानों की अनियमितता का सबसे ज्यादा असर इंदौर में दिखा, जहां मंगलवार को भी कई कनेक्शन प्रभावित रहे. हालांकि पिछले दो दिनों की तुलना में स्थिति कुछ सुधरी है, लेकिन परेशानी पूरी तरह खत्म नहीं हुई.इंदौर एयरपोर्ट पर मंगलवार को 13 उड़ानें रद्द की गई. यह संख्या सोमवार के मुकाबले कम है, जब 18 उड़ानें नहीं उड़ सकीं थीं.
रविवार को तो 24 से ज्यादा उड़ानें एक साथ रद्द होने से शहर का हवाई ट्रैवल सिस्टम अस्त व्यस्त हो गया था. मामले में एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि कंपनी ने परिचालन दुरुस्त करने की प्रक्रिया तेज की है और जल्द ही सामान्य उड़ान व्यवस्था बहाल होने की उम्मीद है. इंदौर से मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और हैदराबाद जाने वाली कुछ उड़ानों का शेड्यूल आज भी प्रभावित रहा.
वहीं पुणे और जयपुर जैसी कुछ सेवाएं, जो पिछले तीन दिनों से लगातार निरस्त हो रही थीं, मंगलवार को सामान्य रूप से संचालित हुईं. यात्रियों की सुविधा के लिए एयरलाइन द्वारा हेल्पलाइन और सहायता केंद्र सक्रिय किए हैं. इंदौर के बाद राजधानी भोपाल में उड़ानों का संचालन अपेक्षाकृत स्थिर रहा, हालांकि कुछ रूटों पर देरी और आंशिक बदलाव दर्ज किए गए.
सूत्रों का कहना है कि भोपाल में स्थिति नियंत्रण में है और इंडिगो धीरे धीरे शेड्यूल बहाल कर रही है. वहीं ग्वालियर में मंगलवार को इंडिगो की दो सेवाएं रद्द रहीं. मुंबई ग्वालियर और ग्वालियर मुंबई उड़ानें अंतिम समय में निरस्त कर दी गईं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई. सूत्रों का कहना है कि तकनीकी और परिचालन कारणों को इसकी वजह है.
इसी तरह अन्य शहरों जैसे जबलपुर, रीवा और खजुराहो में मंगलवार को उड़ानों का संचालन सामान्य रहा. फिर भी ट्रैवल एजेंटों का मानना है कि री-शेड्यूलिंग और रिफंड के मामलों में यात्रियों को अभी भी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं. वहीं एयरपोर्ट अधिकारी का कहना है कि अगले कुछ दिनों में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी, लेकिन यात्रियों को यात्रा से पहले उड़ान की स्थिति चेक करने की सलाह दी गई है.
